भाटखमरिया हाईस्कूल में समिति गठन और बैंक खाते को लेकर ग्रामीणों की शिकायत

ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह/जबेरा। जबेरा तहसील अंतर्गत शासकीय हाईस्कूल भाटखमरिया में समिति गठन और बैंक खाता खोले जाने को लेकर विवाद सामने आया है। ग्रामीणों ने विद्यालय के प्राचार्य कमल सिंह ठाकुर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीण सुरेन्द्र मेहरा और चेतराम यादव सहित अन्य लोगों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एसटीएस योजना के तहत 4 मार्च 2026 को गठित समिति में कुछ ग्रामीणों के नाम उनकी सहमति के बिना शामिल किए गए। ग्रामीणों का कहना है कि समिति गठन के संबंध में उन्हें न तो विधिवत जानकारी दी गई और न ही बैठक में बुलाया गया।
अध्यक्ष चयन पर भी उठाए सवाल
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को समिति के अध्यक्ष का चयन भी कथित तौर पर नियमों का पालन किए बिना किया गया। ग्रामीणों ने अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया और उसकी वैधता की जांच कराने की मांग की है।
बैंक खाता खोलने की प्रक्रिया पर आपत्ति
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि समिति के नाम से बैंक खाता भी सदस्यों की जानकारी और सहमति के बिना खोला गया। उनका कहना है कि यदि समिति गठन और बैंक खाता खोलने की प्रक्रिया में निर्धारित नियमों का पालन नहीं हुआ है तो इसकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
जांच और कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की दस्तावेजों के आधार पर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। ज्ञापन के साथ उन लोगों की सूची भी सौंपे जाने की बात कही गई है, जिनके नाम कथित तौर पर उनकी सहमति के बिना समिति में शामिल किए गए।
ग्रामीणों ने जांच के बाद यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। मामले में प्राचार्य या संबंधित समिति के पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रशासनिक जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



