शारदीय नवरात्र: मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, मां दुर्गा के दर्शन कर अर्पित किया जल
नगर में एक दर्जन से अधिक स्थानों पर विराजीं मां दुर्गा, ढोल-बाजे के साथ पंडालों तक लाई गईं प्रतिमाएं
सिलवानी। शारदीय नवरात्र के शुभारंभ के साथ ही नगर में भक्तिमय माहौल बन गया है। नवरात्र के पहले दिन नगर के मुख्य मार्गों से ढोल-बाजे के साथ मां दुर्गा की प्रतिमाओं की भव्य शोभायात्राएं निकाली गईं। नाचते-गाते हुए युवाओं की टोलियां मां दुर्गा की आकर्षक प्रतिमाओं को लेकर पूजा पंडालों तक पहुंचीं। नगर में एक दर्जन से अधिक स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इसके साथ ही मंदिरों में दर्शन-पूजन और देवी मां को जल अर्पित करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।
रोशनी से जगमगाए देवी मंदिर
नवरात्र पर्व को लेकर नगर के सभी प्रमुख देवी मंदिरों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। सुबह से ही श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाता है, जो दोपहर तक जारी रहता है। भक्तजन मां दुर्गा के दर्शन कर जल अर्पित कर रहे हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
जगह-जगह गूंज रहे माता रानी के जयकारे
नगर के विभिन्न स्थानों पर माता के जवारे बोए गए हैं, जहां विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना शुरू हो गई है। दुर्गा पंडालों में माता रानी के भजनों और कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। मोहल्लों से लेकर गलियों तक मां दुर्गा के जयकारे और भजनों की मधुर धुन सुनाई दे रही है।
दस दिवसीय दुर्गा उत्सव को लेकर नगरवासियों में खासा उत्साह है। श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ मां दुर्गा की आराधना में जुटे हुए हैं। नवरात्र के दौरान आगामी दिनों में भी मंदिरों और दुर्गा पंडालों में धार्मिक आयोजनों की धूम रहने की उम्मीद है।



