सुल्तानगंज में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर पलटने से 18 वर्षीय युवक की मौत, गांव में पसरा मातम

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर पलटने से 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम गोरखा निवासी कृष्ण कुमार, पुत्र परमलाल उर्फ पम्मा , बुधवार दोपहर करीब 1 बजे अपने बहनोई का ट्रैक्टर लेकर स्वयं के खेत में बखरनी करने जा रहा था। इसी दौरान मौजा बारह के पास ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में कृष्ण कुमार की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। इसके बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल बेगमगंज भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
महज 18 वर्ष की उम्र में कृष्ण कुमार की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस घटना के बाद ग्राम गोरखा में शोक का माहौल है।



