माँ बीजासन माता मंदिर में हवन-पूजन के साथ नवरात्रि पर्व का समापन

सिलवानी । नगर के प्रसिद्ध माँ बीजासन माता मंदिर में नवरात्रि पर्व के समापन अवसर पर एकादशी, गुरुवार को विधि-विधान के साथ हवन-पूजन एवं पूर्णाहुति का कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने माता रानी की पूजा-अर्चना कर परिवार एवं नगर की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
धार्मिक वातावरण में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने हवन कुंड में आहुतियां अर्पित कर माँ जगदम्बा से समस्त नगरवासियों के कल्याण, सुख-शांति एवं मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। पूर्णाहुति के साथ नवरात्रि के धार्मिक अनुष्ठानों का समापन हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
रविवार को होगा नगर कन्या भोज
मंदिर समिति के सदस्य ने जानकारी देते हुए बताया कि माँ बीजासन माता मंदिर में रविवार को नगर कन्या भोज का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से कन्याओं को भोजन प्रसादी ग्रहण कराई जाएगी। नवरात्रि पर्व में कन्या पूजन एवं कन्या भोज का विशेष धार्मिक महत्व है। इसी परंपरा के तहत यह आयोजन किया जा रहा है।
समिति द्वारा नगरवासियों से धार्मिक आयोजन में सहभागी बनने की अपील की गई है।



