मध्य प्रदेश

कृष्णकांत पांडे बने ढीमरखेड़ा जनपद के नए सीईओ, संभाला कार्यभार

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान।  जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा में प्रशासनिक बदलाव के तहत शुक्रवार को कृष्णकांत पांडे ने नए मुख्य कार्यपालन अधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया ।  पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश के बाद उन्होंने जनपद पंचायत पहुंचकर विधिवत पदभार संभाला ।
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हर सिमरनप्रीत कौर के निर्देशों के पालन में श्री पांडे ने पदभार ग्रहण किया ।  प्रशासनिक बदलाव के तहत जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के निवर्तमान सीईओ यजुवेंद्र कोरी का स्थानांतरण जिला पंचायत जबलपुर में परियोजना अधिकारी के पद पर किया गया है ।  उनके स्थान पर कृष्णकांत पांडे को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है ।
*ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों पर रहेगा फोकस*
जनपद पंचायत के नए सीईओ के सामने ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी रहेगी ।  इसके साथ ही ग्राम पंचायतों में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति, कार्यों की गुणवत्ता, लंबित योजनाओं की समीक्षा और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने जैसे विषय भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेंगे ।
*विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की उम्मीद*
जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में संचालित विकास गतिविधियों और जनहित से जुड़े कार्यों को लेकर नए सीईओ की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी ।  प्रशासनिक बदलाव के बाद ग्रामीणों को उम्मीद है कि विकास कार्यों की नियमित निगरानी, योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और पंचायत स्तर पर समस्याओं के निराकरण को प्राथमिकता मिलेगी ।

Related Articles

Back to top button