मामूली विवाद ने लिया खूनी रूप! चार लोगों ने एक व्यक्ति पर किया जानलेवा हमला

गंभीर हालत में सागर रेफर
आरोपियों की दबंगई पर पुलिस का शिकंजा, वारदात के कुछ ही घंटों में चारों गिरफ्तार कर भेजे जेल
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसोरा में मामूली कहासुनी और गाली-गलौज ने अचानक गंभीर रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ा कि चार लोगों ने मिलकर एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद सागर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम परसोरा निवासी रामप्रसाद ठाकुर और हरिकेश चढ़ार के बीच किसी बात को लेकर मामूली विवाद हुआ था। देखते ही देखते कहासुनी और गाली-गलौज ने उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि इसी दौरान हरिकेश चढ़ार, प्रमेंद्र चढ़ार,अभिषेक चराढ़, एवं केषराज चढ़ार ने रामप्रसाद ठाकुर पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घायल रामप्रसाद को तत्काल बेगमगंज सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सागर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मामले में एएसआई संतोष गीद ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में अपराध दर्ज कर तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
मामूली विवाद में हुई इस गंभीर वारदात ने एक बार फिर छोटी-छोटी बातों पर बढ़ते विवाद और हिंसक घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ा दी है।



