पराली जलाने के बजाय पशुओं के गोबर और कृषि अपशिष्ट से बनाएं बायोगैस

किसानों को कृषि विभाग की सलाह
सिलवानी। पराली जलाने की समस्या और सड़कों पर आवारा पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा किसानों से विशेष अपील की गई है। विभाग ने ऐसे किसान भाइयों, जिनके पास कृषि भूमि के साथ पशुधन उपलब्ध है, उनसे आग्रह किया है कि दूध देना बंद कर चुके पशुओं को खुले में न छोड़ें। साथ ही खेतों में जलाने के बजाय पराली का उपयोग पशुओं के चारे के रूप में करें तथा पशुओं से प्राप्त गोबर, गोमूत्र और कृषि अपशिष्ट का सदुपयोग करते हुए अपने घरों में बायोगैस संयंत्र स्थापित करें।
कृषि विभाग के अनुसार बायोगैस ग्रामीण परिवारों के लिए सस्ता, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा का बेहतर विकल्प है। बायोगैस संयंत्र के माध्यम से घरेलू स्तर पर खाना पकाने के लिए गैस प्राप्त की जा सकती है, जिससे एलपीजी गैस की खपत कम होगी और परिवारों को रसोई ईंधन पर होने वाले खर्च में बचत मिलेगी।
जैविक खाद से बढ़ेगी खेतों की उर्वरा शक्ति
बायोगैस संयंत्र से निकलने वाली पोषक तत्वों से भरपूर स्लरी का उपयोग खेतों में जैविक खाद के रूप में किया जा सकता है। इससे मिट्टी में जैविक पदार्थों की मात्रा बढ़ती है और भूमि की उर्वरा शक्ति में सुधार होता है। साथ ही रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिलती है।
विभाग के अनुसार बायोगैस संयंत्र से पशुओं के गोबर, गोमूत्र और कृषि अपशिष्ट का बेहतर उपयोग संभव है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को बढ़ावा मिलने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
एक संयंत्र से मिलेंगे कई फायदे
बायोगैस संयंत्र स्थापित करने से किसानों को घरेलू ईंधन की बचत, उपयोगी जैविक खाद की उपलब्धता, रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता में कमी और मिट्टी की भौतिक संरचना में सुधार जैसे अनेक लाभ मिल सकते हैं। इसके अलावा मिट्टी में लाभकारी सूक्ष्म जीवों की संख्या बढ़ाने और फसल उत्पादन में सुधार करने में भी सहायता मिलती है।



