मतदाता सूची की विसंगतियों पर कांग्रेस ने जताई नाराजगी, बूथ स्तर पर तैनात होंगे वोटर रक्षक

26 नवंबर को भोपाल में राहुल गांधी की महारैली में कार्यकर्ताओं की भागीदारी को लेकर भी बनाई रणनीति
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान* । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार गुरुवार को ढीमरखेड़ा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक ब्लॉक अध्यक्ष आनंद मिश्रा के निज निवास पर आयोजित की गई । बैठक में बड़वारा विधानसभा प्रभारी ओंकार सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे । बैठक में मतदाता सूची के सत्यापन, कथित गड़बड़ियों को दूर कराने और बूथ स्तर पर वोटर रक्षकों की नियुक्ति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई । इसके साथ ही आगामी 26 नवंबर को भोपाल में आयोजित राहुल गांधी के कार्यक्रम एवं कांग्रेस की महारैली में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई गई ।
बैठक में कांग्रेस पदाधिकारियों ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि धरवाड़ा पंचायत में कई बार दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने के बावजूद सूची में आवश्यक सुधार नहीं किया जा रहा है । पदाधिकारियों के अनुसार, एक ही मतदाता के नाम अलग-अलग स्थानों पर दर्ज हैं, वहीं दिवंगत मतदाताओं के नाम भी सूची में शामिल हैं । इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायतें देने के बावजूद अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई गई ।
*मतदाता संख्या में अंतर पर उठाए सवाल*
कांग्रेस पदाधिकारियों ने पंचायत और विधानसभा चुनाव की मतदाता सूचियों में मतदाताओं की संख्या में अंतर का मुद्दा भी उठाया । उन्होंने बताया कि पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में जहां करीब 2500 मतदाता दर्ज हैं, वहीं विधानसभा चुनाव की सूची में यह संख्या घटकर लगभग 2100 रह जाती है । करीब 400 मतदाताओं के इस अंतर पर सवाल उठाते हुए सूची का निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से सत्यापन कराने की मांग की गई ।
*बूथ स्तर पर नियुक्त होंगे वोटर रक्षक*
बैठक में निर्णय लिया गया कि मतदाता सूची की जांच एवं सत्यापन के लिए प्रत्येक बूथ स्तर पर वोटर रक्षकों की नियुक्ति की जाएगी । ये वोटर रक्षक मतदाता सूची का बारीकी से परीक्षण करेंगे, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम सूची में सुनिश्चित किए जा सकें और किसी भी मतदाता का नाम अनावश्यक रूप से वंचित न रहे ।
इसके अलावा 26 नवंबर को भोपाल में राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम एवं कांग्रेस की महारैली में ढीमरखेड़ा क्षेत्र से अधिक से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने पर सहमति बनी ।
बैठक में विधानसभा प्रभारी ओंकार सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष आनंद मिश्रा, रंजीत सिंह, राजेंद्र शुक्ला, शैलेन्द्र पौराणिक, मुकेश परोहा, कुलदीप तिवारी, अमित गर्ग, प्रकाश पटेल, भूरा पटेल, शेख खालिक, रवेंद्र परते, रमेश गर्ग, अतुल कुमार त्रिपाठी, जगदीश हल्दकर सहित बूथ स्तर के कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।



