मध्य प्रदेश

संत नामदेव जयंती पर हवन, कथा और महाआरती का आयोजन

मां विजयासन मंदिर परिसर में जुटे बड़ी संख्या में समाजजन, एकजुटता और सामाजिक मजबूती का दिया संदेश
सिलवानी। संत शिरोमणि नामदेव जयंती के अवसर पर नामदेव समाज द्वारा मां विजयासन मंदिर परिसर में श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संत शिरोमणि नामदेव जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन के साथ हुआ।
इसके बाद विधि-विधान से हवन-पूजन किया गया। समाजजनों ने आहुतियां देकर परिवार, समाज और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। धार्मिक आयोजन के अंतर्गत संत नामदेव जी की कथा का श्रवण किया गया। इसके पश्चात विधिवत महाआरती हुई और उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने संत शिरोमणि नामदेव जी के जीवन, विचारों और उनके आध्यात्मिक उपदेशों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संत नामदेव जी ने अपने जीवन के माध्यम से भक्ति, प्रेम, समानता और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को सद्भाव और एकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। वक्ताओं ने समाज की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। आपसी मतभेदों को भुलाकर सभी को समाज के हित में मिलकर कार्य करना चाहिए। संगठित प्रयासों से ही समाज आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक रूप से मजबूत बन सकता है। आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं समाज के वरिष्ठजन शामिल हुए। सभी ने संत नामदेव जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और समाज की एकता बनाए रखने का संकल्प लिया। धार्मिक वातावरण और भक्तिमय माहौल के बीच कार्यक्रम का समापन हुआ।

Related Articles

Back to top button