मध्य प्रदेश

हाईकोर्ट के आदेश निरस्त होने के बाद भी संचालित हो रही मदिरा दुकान दमोह-डी

बंद कराने आबकारी आयुक्त सहित अधिकारियों को शिकायत
ब्यूरो चीफ :भगवत सिंह लोधी
दमोह। शहर की मदिरा दुकान दमोह-डी के संचालन को लेकर विवाद गहरा गया है। मदिरा दुकान दमोह-एच के संचालक अखिलेश असाटी ने आबकारी आयुक्त ग्वालियर, कलेक्टर दमोह, पुलिस अधीक्षक एवं जिला आबकारी अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को आवेदन देकर दमोह-डी मदिरा दुकान का संचालन तत्काल बंद कराने की मांग की है।
आवेदक अखिलेश असाटी, निवासी श्याम नगर दमोह ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय में दायर याचिका क्रमांक WP/34953/2026 में आबकारी आयुक्त द्वारा न्यायालय के समक्ष माफीनामा प्रस्तुत किए जाने के बाद 22 जुलाई 2026 के आदेश को निरस्त किया गया था। आवेदक के अनुसार, इस संबंध में 13 नवंबर 2026 को पत्र जारी कर तीन दिवस के भीतर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए थे।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि आदेश निरस्त होने के बाद मदिरा दुकान दमोह-डी को वर्तमान स्थान पर संचालित करने की अनुमति समाप्त हो चुकी है, इसके बावजूद 26 नवंबर 2026 तक दुकान का संचालन जारी है। आवेदक ने जिला आबकारी अधिकारी एवं आबकारी उपनिरीक्षक पर संबंधित दुकान को संरक्षण देने के गंभीर आरोप भी लगाए हैं।
आवेदक का कहना है कि न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत माफीनामे और उसके बाद जारी निर्देशों के बावजूद दुकान का संचालन जारी रहना न्यायालय के आदेशों की अवहेलना का मामला है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर दुकान का संचालन बंद कराने की मांग की है।
आवेदन में चेतावनी दी गई है कि यदि दुकान को बंद नहीं कराया गया तो आवेदक न्यायालय में कथित रूप से गलत जानकारी प्रस्तुत किए जाने के संबंध में दंडात्मक कार्रवाई की मांग करने के लिए बाध्य होगा।
इस शिकायत की प्रतिलिपि मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय जबलपुर के रजिस्ट्रार एवं उपायुक्त आबकारी, संभागीय उड़नदस्ता सागर को भी भेजी गई है। अब देखना होगा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों पर आबकारी विभाग और जिला प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।

Related Articles

Back to top button