गैस पाइप में रिसाव के बाद भड़की आग चार लोग झुलसे
सिलवानी के वार्ड क्रमांक 5 में हादसा प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को रायसेन जिला अस्पताल किया रेफर
सिलवानी। नगर के वार्ड क्रमांक 5 में बड़ी जामा मस्जिद के पास गुरुवार दोपहर घरेलू गैस से जुड़ी दुर्घटना में चार लोग झुलस गए। अचानक आग भड़कने से घर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल सिलवानी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रायसेन रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मकान में घरेलू गैस पाइप से रिसाव होने के बाद आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग की लपटों की चपेट में आने से रिजवान पिता कुर्बान, शबनम, गुफरान और 14 वर्षीय बालिका सानिया झुलस गए। घायलों में रिजवान की उम्र 35 वर्ष और गुफरान की उम्र 22 वर्ष बताई गई है।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए रायसेन रेफर कर दिया।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। परिजनों ने गैस पाइप में रिसाव के बाद आग भड़कने की आशंका जताई है, जबकि अस्पताल से मिली जानकारी में एलपीजी सिलेंडर से जुड़ी दुर्घटना का उल्लेख है। हादसे के कारणों और परिस्थितियों की वास्तविक जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।



