मध्य प्रदेश

झापन घाट पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू

ग्रामीणों की दो टूक– पुल बनाओ या वैकल्पिक मार्ग दो, मांग पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
ब्यूरो चीफ: भगवत सिंह लोधी
झलोन (दमोह)। जबेरा एवं दमोह विधानसभा क्षेत्र को जोड़ने वाले ब्यारमा नदी के झापन घाट पुल का निर्माण नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने 26 नवंबर से ग्राम झलोन बस स्टैंड पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन के सामने दो टूक मांग रखी है कि झापन घाट पुल का निर्माण शीघ्र कराया जाए अथवा निर्माण पूरा होने तक आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाए।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2025 में ब्यारमा नदी में आई भीषण बाढ़ के चलते झापन घाट पुल क्षतिग्रस्त होकर ढह गया था। इसके बाद से आज तक पुल का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। ग्रामीणों का कहना है कि पुल निर्माण के लिए राशि स्वीकृत होने के बावजूद काम शुरू नहीं होना शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
झापन घाट पुल सागर मार्ग पर आवागमन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। पुल टूटने के कारण आसपास के कई गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है। ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और राहगीरों को लंबी दूरी तय कर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। इससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी हो रही है। विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
धरने पर बैठे कवि चन्द्रभान सिंह लोधी ने कहा कि पुल नहीं होने से हजारों ग्रामीण परेशान हैं। इस समस्या के चलते तीन लोगों की मौत भी हो चुकी है, लेकिन शासन-प्रशासन को इसकी कोई सुध नहीं है। कई बार अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन जब कोई समाधान नहीं निकला तो ग्रामीणों को धरने पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ा।
वहीं अरविंद सिंह नन्हे राजा ने कहा कि जब तक सरकार ग्रामीणों की मांग पूरी नहीं करती, तब तक वे धरना स्थल से नहीं उठेंगे। नरेश सिंह लोधी ने बताया कि खेती-किसानी का काम चल रहा है, लेकिन पुल नहीं होने के कारण प्रत्येक छोटे-बड़े काम के लिए करीब 30 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। इससे समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। इसी परेशानी के चलते ग्रामीणों ने आंदोलन का रास्ता अपनाया है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि जब तक झापन घाट पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं होती अथवा वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक उनका धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। अब देखना होगा कि शासन-प्रशासन ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेकर ठोस कदम उठाता है।
धरना प्रदर्शन में ये रहे शामिल: कवि चन्द्रभान सिंह लोधी, अरविंद सिंह नन्हे राजा, नरेश सिंह लोधी, मुलाम सिंह, ओमकार विश्वकर्मा, प्रदीप ठाकुर, आकाश हजारी, शानू खान, मुन्नालाल रैकवार, राजू आदिवासी, गनेश आदिवासी, लेखन सिंह, शैलेश कुमार जैन, मोहन साहू, सतेंद्र सिंह, खिलान सिंह, आनंद यादव, सुनील यादव, लक्ष्मण सिंह, साहब सिंह, गोविंद अहिरवार, राम चरण आदिवासी सहित कई गांवों के ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button