मध्य प्रदेश

सिविल न्यायालय में संविधान की प्रस्तावना का वाचन, अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों ने लिया सहभागिता

सिलवानी। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रायसेन राकेश मोहन प्रधान के मार्गदर्शन में तहसील विधिक सेवा समिति सिलवानी द्वारा 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर सिविल न्यायालय सिलवानी में भारतीय संविधान की प्रस्तावना के वाचन का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में अध्यक्ष तहसील विधिक सेवा समिति सिलवानी सुनीता पचौरिया ने उपस्थित अधिवक्ताओं एवं न्यायालयीन कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया। इस अवसर पर उन्होंने संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 26 नवंबर का दिन भारतीय लोकतंत्र और संवैधानिक इतिहास में विशेष महत्व रखता है। इसी ऐतिहासिक दिन 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा भारतीय संविधान को अंगीकृत किया गया था। इसके उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है।
उन्होंने बताया कि भारतीय संविधान अपनी विशेषताओं, व्यापकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के कारण विश्व में विशिष्ट स्थान रखता है। यह विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान है, जो देश के नागरिकों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे मूलभूत आदर्शों का संदेश देता है। संविधान की प्रस्तावना में निहित इन मूल्यों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
कार्यक्रम का उद्देश्य अधिवक्ताओं एवं न्यायालयीन कर्मचारियों को संविधान के मूल आदर्शों, संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर अभिभाषक संघ अध्यक्ष जी.एस. रघुवंशी, अधिवक्ता दीपेश समैया सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण एवं न्यायालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button