मध्य प्रदेश

प्रसव पीड़ा से तड़पती रही महिला, न डॉक्टर मिले न नर्स… अस्पताल की गैलरी में हुआ प्रसव

सुल्तानगंज अस्पताल की खुली पोल!
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । सरकार सुरक्षित मातृत्व और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के बड़े-बड़े दावे करती है। गर्भवती महिलाओं को अस्पतालों में सुरक्षित प्रसव की सुविधा देने के लिए करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं। लेकिन रायसेन जिले के सुल्तानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से सामने आई तस्वीर इन दावों की जमीनी हकीकत बयां कर रही है।
यहां प्रसव पीड़ा से तड़पती एक गर्भवती महिला को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि उस वक्त न तो डॉक्टर मौजूद थे और न ही प्रसव कराने के लिए कोई स्टाफ नर्स।
हालात इतने गंभीर हो गए कि अस्पताल की गैलरी में ही परिजनों को महिला का प्रसव कराना पड़ा।
सोचिए, जिस अस्पताल में सुरक्षित प्रसव होना चाहिए था, वहां एक गर्भवती महिला को प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी तक नसीब नहीं हुए।
करीब सवा लाख की आबादी और 100 गांवों की स्वास्थ्य सेवाओं का जिम्मा संभालने वाले इस अस्पताल की बदहाली पर देखिए हमारी यह विशेष ग्राउंड रिपोर्ट।
मामला रायसेन जिले के सुल्तानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का है। ग्राम मरखेड़ा गुलाब निवासी खुमान अहिरवार की पत्नी विमला अहिरवार को प्रसव पीड़ा शुरू हुई, तो परिजनों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की।
परिजनों के मुताबिक, सबसे पहले 108 एंबुलेंस को फोन लगाया गया, लेकिन करीब दो घंटे इंतजार करने के बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंची।
आखिरकार मजबूरी में निजी वाहन से गर्भवती महिला को सुल्तानगंज अस्पताल लाया गया।
लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद भी परिवार की मुश्किलें कम नहीं हुईं। परिजनों का आरोप है कि उस समय अस्पताल में केवल दो वार्ड बॉय मौजूद थे। न तो कोई स्टाफ नर्स थी और न ही डॉक्टर।
यानी जिस अस्पताल में महिला को सुरक्षित प्रसव की उम्मीद लेकर लाया गया था, वहीं उसे तत्काल चिकित्सकीय सहायता नहीं मिल सकी।
समय बीतने के साथ महिला की प्रसव पीड़ा बढ़ती गई। अस्पताल में प्रसव कराने के लिए प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं थे। ऐसे में परिवार के सामने विकट स्थिति पैदा हो गई।
आखिरकार महिला की देवरानी ने ही प्रसव के दौरान उसे संभाला और अस्पताल की गैलरी में बच्चे का जन्म हुआ।
यह तस्वीर सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े करती है।
जिस अस्पताल में जच्चा और बच्चा की सुरक्षा के लिए चिकित्सकीय निगरानी और प्रशिक्षित स्टाफ की व्यवस्था होनी चाहिए, वहां परिजन खुद ही प्रसव कराने जैसी स्थिति से जूझते नजर आए।
परिजनों के मुताबिक, प्रसव के कुछ समय बाद चिकित्सक अस्पताल पहुंचे।
लेकिन सवाल यह है कि अगर उस दौरान जच्चा या बच्चा की तबीयत बिगड़ जाती, तो आखिर इसकी जिम्मेदारी किसकी होती?
यह घटना सिर्फ एक परिवार की परेशानी नहीं, बल्कि ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाल तस्वीर सामने लाती है।
स्थानीय जानकारी के मुताबिक, सुल्तानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में महज एक स्टाफ नर्स पदस्थ है। जबकि इस अस्पताल पर करीब 100 गांवों और सवा लाख की आबादी की स्वास्थ्य सेवाओं का भार है।
ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि क्या एक स्टाफ नर्स के भरोसे इतने बड़े क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था संचालित की जा सकती है?
रात के समय गर्भवती महिलाओं के प्रसव के लिए पर्याप्त स्टाफ की उपलब्धता क्यों नहीं है? क्या स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अस्पताल में रात के समय की वास्तविक व्यवस्थाओं की जानकारी है?
आखिर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर जिम्मेदार अधिकारी कितने गंभीर हैं?
अब इस पूरे मामले में अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग का पक्ष भी सामने आना जरूरी है।
स्टाफ की कमी, रात्रिकालीन ड्यूटी और प्रसव सेवाओं की उपलब्धता को लेकर अस्पताल प्रबंधन क्या सफाई देता है? क्या अस्पताल में पर्याप्त कर्मचारियों की व्यवस्था है या फिर संसाधनों की कमी के चलते मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है?
सुल्तानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की यह घटना सरकार के सुरक्षित मातृत्व और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के दावों पर बड़ा सवालिया निशान लगा रही है।
एक तरफ गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव की सुविधा देने के लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं, वहीं दूसरी तरफ ग्रामीण अस्पताल में प्रसव के वक्त डॉक्टर और नर्स की उपलब्धता तक सुनिश्चित नहीं हो पा रही। केंद्रीय कृषि मंत्री सांसद शिवराज सिंह चौहान का यह संसदीय क्षेत्र है तो वहीं स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल का गृह जिला है। आखिर जिम्मेदार किसको माना जाए।
हमारे कुछ सीधे सवाल स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों और जन्म प्रतिनिधियों से हैं—
पहला सवाल, सुल्तानगंज अस्पताल में पर्याप्त स्टाफ की नियुक्ति आखिर कब होगी?
दूसरा, रात के समय प्रसव कराने के लिए प्रशिक्षित नर्स और डॉक्टर की उपलब्धता कौन सुनिश्चित करेगा?
तीसरा, दो घंटे तक 108 एंबुलेंस नहीं पहुंचने के आरोपों की जांच कब होगी?
और सबसे बड़ा सवाल, इस पूरे मामले में जवाबदेही किस अधिकारी की तय होगी?
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग कर रहे हैं और आंदोलन की तैयारी में हैं।
अब देखना यह होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस गंभीर मामले को कितनी गंभीरता से लेता है। क्या जिम्मेदारों की जवाबदेही तय होगी या फिर यह मामला भी सरकारी फाइलों तक सिमटकर रह जाएगा?
क्योंकि सवाल सिर्फ एक महिला के अस्पताल की गैलरी में प्रसव होने का नहीं है, सवाल सवा लाख ग्रामीणों की स्वास्थ्य सुरक्षा और सरकारी अस्पतालों में मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं का है।
इस संबंध में रत्न प्रभा पटेल मेडिकल ऑफिसर सुल्तानगंज का कहना है कि अस्पताल में स्टाफ की कमी है और इस समस्या से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत भी कराया गया है उन्होंने शीघ्र समस्या का समाधान करने का आश्वासन भी दिया है। जिस समय डिलीवरी कैसे आया उसे समय स्टाफ नर्स आदि दूसरे स्वास्थ्य कार्यक्रम में बिजी थे जब तक आए डिलेवरी हो चुकी थी।

Related Articles

Back to top button