क्राइम

भीषण सड़क हादसा: पूजा करने जा रहे बाइक सवार दो भाइयों को ट्रक ने कुचला, एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

रिपोर्टर : शिवलाल यादव

रायसेन । जिले की औद्योगिक नगरी मण्डीदीप में एक अनियंत्रित ट्रक के चालक ने बाइक सवार दो भाइयों को टक्कर मार दी। जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पीछे बैठा उसका भाई गंभीर घायल हो गया। घटना सुबह करीब 11 बजे की है। इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने नेशनल हाइवे 12 पर प्रदर्शन भी किया।
सतलापुर औद्योगिक थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी ने बताया कि सुबह लगभग 11 बजे सतलापुर निवासी 48 वर्षीय हुकुम सिंह लोवंशी पुत्र मिश्रीलाल अपने छोटे भाई लीला किशन लोवंशी 45 साल और 2 साल की पोती के साथ कुल देवी देवता की पूजा करने मिसरोद के पास स्थित हिनोतिया गांव जा रहे थे। तभी पीछे से आ रहे ट्रक क्रमांक एमपी -07 -GA -75 94 के चालक ने चपेट में ले लिया।
बाइक सवार दोनों भाई ट्रक की चपेट में आ गए। इस हादसे में बड़े भाई हुकुम सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है। जबकि लीला किशन के सीधे पैर में गंभीर चोट आई है। गनीमत रही कि बाइक पर आगे बैठी 2 साल की बच्ची को इस दुर्घटना में खरोंच तक नहीं आई।
ट्रक चालक की गिरफ्तारी पर अड़े लोग…..
इस दर्दनाक सड़क हादसे की सूचना गांव वालों को मिली तो गुस्साए ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए । उन्होंने आरोपी ट्रक चालक की गिरफ्तारी की तत्काल मांग को लेकर जमकर प्रदर्शन किया। आरोपी की गिरफ्तारी ना होने तक वे शव का पीएम ना कराने की जिद पर अड़े रहे। यह हंगामा करीब 2 घंटे तक चलता रहा।
थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी की काफी समझाइश के बाद ग्रामीण माने। तब कहीं जाकर शव का पोस्टमार्टम कराया जा सका। वहीं पुलिस ने ट्रक जब्त कर आरोपी ट्रक चालक की तलाश कर रही है।

Related Articles

Back to top button