रेत माफिया का कहर: आदिवासी किसान को ट्रैक्टर से कुचला
ब्यूरो चीफ : मनीष श्रीवास
सिंगरौली । एमपी के सिंगरौली जिले में खुद की जमीन से अवैध रेत का परिवहन रोकने गए आदिवासी किसान की रेत माफिया द्वारा ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई।
सिंगरौली घटना पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने X पर ट्वीट करते हुए कहा कि एमपी में आदिवासी अत्याचार की एक और जघन्य घटना। सिंगरौली जिले के गन्नई गांव के गरीब आदिवासी भाई इंद्रपाल अगरिया के ऊपर बीती रात्रि को रेत माफियाओं ने ट्रैक्टर चढ़ाया जिससे आदिवासी भाई की मौत हो गई। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल करते हुए पूछा कि प्रदेश में आदिवासियों पर अत्याचार कब रुकेगा।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ट्वीट करते हुए लिखा कि रेत माफिया ने आदिवासी युवक को कुचलकर मार दिया। सिंगरौली के देवसर विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी विधायक के समर्थित लाले प्रसाद मंडल और रामधनी यादव ने एक आदिवासी युवक को इसलिए कुचल दिया, क्योंकि उसने इनका विरोध किया था। गन्नई के आदिवासी युवक इंद्रपाल अगरिया ने अपनी खड़ी फसल के खेत से इन दोनों को ट्रैक्टर ले जाने से रोका, तो रेत माफिया ने उसे ट्रैक्टर से रौंद दिया।




