गोलीकांड में आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह/पटेरा । थाना पटेरा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ग्राम शिकारपुरा में हुई हत्या की गुत्थी महज कुछ घंटों में सुलझा ली. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त 12 बोर की बंदूक भी बरामद कर ली है.घटना 18 सितंबर 2025 को ग्राम शिकारपुरा में घटित हुई. जब आरोपी मोती उर्फ रामतिलक लोधी पिता जाहर सिंह लोधी, उम्र लगभग 40 वर्ष, निवासी शिकारपुरा ने पुरानी चुनावी रंजिश के चलते गांव के ही देवेन्द्र लोधी पिता अर्जुन सिंह लोधी, उम्र 40 वर्ष को गोली मार दी. बताया गया कि आरोपी ने पहले गाली-गलौज की और फिर कंधे पर टंगी 12 बोर बंदूक से सीने में गोली दाग दी, मौके पर ही देवेन्द्र की मौत हो गई.प्रकरण की रिपोर्ट मृतक के भाई विष्णु सिंह लोधी द्वारा दर्ज कराई गई. इस पर थाना पटेरा में अपराध क्रमांक 257/25, धारा 296, 103(1) बीएनएस व 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया.पुलिस अधीक्षक के निर्देशन व एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सरोज ठाकुर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथियार भी जब्त किया गया.आरोपी को 19 सितंबर को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सरोज ठाकुर के साथ उप निरीक्षक संतोष सिंह, संजय सिंह, दिलीप सिंह, बल्देव सिंह, प्रधान आरक्षक दिनेश, प्रमोद चौबे, पूरनलाल, आरक्षक बालमुकुंद, बृजेश, गब्बर राजपूत, सुरेश, अनिल सिंह, इंद्रजीत, राघवेन्द्र व महिला आरक्षक रानी का सराहनीय योगदान रहा।



