मध्य प्रदेश

रमजान के बाद हर्षोल्लास से मनाई गई ईद, नमाज अदा कर दी मुबारकबाद

सिलवानी। पवित्र रमजान महीने की समाप्ति के बाद ईद का त्योहार क्षेत्र में हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। शुक्रवार रात चांद के दीदार के बाद शनिवार सुबह से ही ईद की रौनक देखने को मिली।
सुबह 7:30 बजे ईदगाह में मुफ़्ती जैनुल आबेदीन साहब, 8 बजे जामा मस्जिद में मौलवी नसीम साहब तथा 8:20 बजे बिलाल मस्जिद में मौलवी जुबेर साहब के नेतृत्व में ईद की नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और क्षेत्र में भाईचारे एवं सौहार्द का संदेश दिया।
ईद के इस खास मौके पर मुस्लिम समाज के लोगों ने अपने मित्रों और परिचितों को घर आमंत्रित कर सेवइयां, मिठाइयां एवं विभिन्न व्यंजनों से सत्कार किया। बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला, जहां सभी ने नए कपड़े पहनकर त्योहार की खुशियां मनाईं।
वहीं आधुनिक दौर में लोगों ने व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों से भी अपने परिजनों, मित्रों एवं शुभचिंतकों को ईद की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। पूरे क्षेत्र में ईद का पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द और खुशी का संदेश देता नजर आया।

Related Articles

Back to top button