अनिल त्रिपाठी बने अभिभाषक संघ के अध्यक्ष, 6 वोट से चुनाव जीते

मनीष यादव सचिव और रविंद्र बिरथरे चुने गए सह सचिव
रिपोर्टर : मनीष यादव
टीकमगढ़ । जिला न्यायालय परिसर में शनिवार को अभिभाषक संघ के चुनाव कराए गए। दोपहर 3 बजे तक मतदान प्रक्रिया चली। इसके बाद वोटों की गिनती शुरु की गई। शाम 7 बजे मतगणना के बाद बताया गया कि अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अनिल त्रिपाठी को सबसे ज्यादा वोट मिले हैं। उन्होंने 6 वोटों से चुनाव में जीत दर्ज की है।
अध्यक्ष पद के लिए तीन दावेदार थे
टीकमगढ़ अभिभाषक संघ के चुनाव के नामांकन फार्म दाखिले और स्क्रूटनी के बाद अध्यक्ष पद के लिए तीन दावेदार मैदान में थे। इसके अलावा सचिव पद के लिए तीन और सह सचिव पद के लिए चार उम्मीदवार मैदान में थे। उपाध्यक्ष सहित कई पदों के लिए पहले ही निर्विरोध प्रत्याशी घोषित हो चुके थे।
आज अध्यक्ष, सचिव और सह सचिव के लिए मतदान प्रक्रिया शुरु की गई। अभिभाषक संघ के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए अखिलेश कुमार नापित, अनिल त्रिपाठी और सुनील शर्मा के लिए वोट डाले गए। सचिव पद के लिए मनीष यादव, हरिश्चंद्र जैन और मुकेश साहू के लिए वोटिंग हुई। सह सचिव के लिए अचला वर्मा, गुलाब सिंह राय, मीरा राजपूत, रविंद्र बिरथरे के लिए वोट डाले गए।
*अनिल त्रिपाठी चुने गए अध्यक्ष*
मतगणना के बाद अध्यक्ष पद के लिए अनिल त्रिपाठी को 216, सुनील शर्मा को 210 और अखिलेश कुमार नापित को 18 वोट मिले। इस तरह अनिल त्रिपाठी ने 6 वोट से जीत दर्ज की। सचिव पद के लिए मनीष यादव को 209, हरिश्चंद्र जैन को 139 और मुकेश साहू को 91 वोट मिले। मनीष यादव ने 70 वोट से जीत दर्ज की। सह सचिन के लिए रविंद्र बिरथरे को 198, गुलाब सिंह राय को 109, अचला वर्मा को 95 और मीरा राजपूत को 40 वोट मिले। रविंद्र बिरथरे 89 वोट से विजयी हुए।
*यह चुने गए थे निर्विरोध*
पुस्तकालय अध्यक्ष के लिए सौरभ शर्मा निर्विरोध चुने गए थे। इसके अलावा उपाध्यक्ष के लिए दानवीर सिंह, कोषाध्यक्ष के लिए राजेंद्र प्रसाद शर्मा को निर्विरोध चुना गया था। इसके अलावा पांच कार्यकारिणी सदस्य भी निर्विरोध चुने गए हैं। जिसमें ज्योति यादव, काशीराम अहिरवार राजीव कुमार खरे, प्रसन्न राघव बर्दिया, सुमित कुमार जैन शामिल हैं।



