मध्य प्रदेश

घुघरी में सामुदायिक भवन निर्माण पर उठे सवाल, बिना सूचना पटल के चल रहा काम जांच की मांग

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान |  जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत घुघरी में इन दिनों सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य जारी है, लेकिन इस निर्माण कार्य को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण स्थल पर अब तक कोई सूचना पटल नहीं लगाया गया है, जो कि शासन के नियमों का सीधा उल्लंघन है। सरकारी निर्माण कार्यों में यह अनिवार्य होता है कि कार्य प्रारंभ होने से पहले स्थल पर सूचना पटल लगाया जाए, जिसमें योजना का नाम, स्वीकृत राशि, कार्य अवधि का नाम और संबंधित विभाग की जानकारी स्पष्ट रूप से दर्ज हो। लेकिन घुघरी में चल रहे इस सामुदायिक भवन निर्माण में ऐसा कोई पटल दिखाई नहीं दे रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि बिना सूचना पटल के काम होने से पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कितनी राशि स्वीकृत हुई, इसकी जानकारी नहीं निर्माण कार्य किस एजेंसी द्वारा कराया जा रहा है, स्पष्ट नहीं गुणवत्ता पर भी संदेह बना हुआ है।
*क्या कहते हैं नियम*
सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, किसी भी सार्वजनिक निर्माण कार्य में सूचना पटल लगाना अनिवार्य होता है। यह पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है। यदि ऐसा नहीं किया जाता है, तो यह लापरवाही और संभावित गड़बड़ी का संकेत माना जाता है।
*जांच की मांग तेज*
ग्रामीणों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।उनका कहना है कि संबंधित अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रक्रिया की जांच करनी चाहिए, साथ ही जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई भी होनी चाहिए।

Related Articles

Back to top button