पीएम श्री शासकीय कन्या विद्यालय सिलवानी में छात्राओं को किया गया साइबर जागरूक

“जागरूक ग्राहक – जागरूक भारत” विषय पर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की संगोष्ठी
सिलवानी। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के द्वारा “जागरूक ग्राहक – जागरूक भारत” अभियान के अंतर्गत नगर के पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सिलवानी में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर छात्राओं को साइबर अपराध और उपभोक्ता संरक्षण के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मध्य प्रांत कार्यकारी अध्यक्ष विवेक भटनागर, कोषाध्यक्ष सतीश चितवार एवं सचिव वंदना सैनी के साथ नगर के पत्रकार राधेश्याम साहू एवं समाज सेवी राजीव समैया
उपस्थित रहे। इन पदाधिकारियों ने छात्राओं से संवाद करते हुए बताया कि आज के डिजिटल युग में आम नागरिक विभिन्न तरीकों से ठगी और साइबर अपराधों का शिकार हो रहा है। उन्होंने बताया कि हैकिंग, पहचान की चोरी, साइबर स्टॉकिंग, ऑनलाइन फ्रॉड, बाल पोर्नोग्राफी, सोशल मीडिया ब्लैकमेलिंग, फर्जी कॉल्स, निवेश और लोन एप्स, गेमिंग एप्स और अंजान लिंक जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। विशेष रूप से व्हाट्सएप और फेसबुक जैसे माध्यमों का दुरुपयोग कर लोगों को ठगा जा रहा है।
कार्यक्रम में बताया गया कि सतर्कता और जानकारी ही बचाव का सबसे बड़ा उपाय है। स्वयं की सुरक्षा हेतु ऑनलाइन व्यवहार में सावधानी आवश्यक है। अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि भारत सरकार, राज्य सरकारें एवं विभिन्न सामाजिक संगठन इस दिशा में लगातार जन-जागरूकता कार्यक्रम चला रहे हैं ताकि नागरिक किसी भी प्रकार की ठगी का शिकार न हो।



