गला रेत कर निर्मम हत्या : एसपी ने किया घटना स्थल का निरीक्षण
पुरानी रंजिश की आशंका, शव के लैपटॉप और चालीस हजार नगदी मिले
एसपी पंकज पांडे ने थाना प्रभारी को दिए निर्देश
मृतक जमुनिया में सेंट्रल बैंक कियोस्क का संचालन करता था
ब्यूरो चीफ संजय द्विवेदी
रायसेन । शुक्रवार की रात्रि में गैरतगंज थाना क्षेत्र के राजमार्ग 44 गैरतगंज सिलवानी मार्ग स्थित भंवरगढ़ तिराहे के पास एक व्यक्ति का गला रेतकर निर्मम हत्या की वारदात हुई है। घटना शुक्रवार शनिवार दरमियानी रात की है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने बाइक पर सवार मृतक को रोककर इस घटनाक्रम को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस मामले की विवेचना करने में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार परषोत्तम राय पिता रामचरण राय 50 वर्ष निवासी ग्राम महुंना तहसील गैरतगंज की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फ़रार हो गए। बताया जाता है कि मृतक परषोत्तम राय ग्राम जमुनिया में सेंट्रल बैंक कियोस्क का संचालन करता था तथा शुक्रवार की देर शाम वह जमुनिया से अपने घर महुंना ग्राम जा रहा था। इसी दौरान भंवरगढ़ तिराहे के पास अज्ञात हमलावरों ने बाइक रोककर परषोत्तम राय का धारदार हथियार से गला काट दिया। अत्याधिक रक्तस्राव से परषोत्तम की कुछ ही देर में मौत हो गई।
संभावना जताई जा रही है कि घटना में आरोपियों ने धारदार चाकू का उपयोग किया होगा तथा पीछे से गले को काट दिया। आरोपियों ने इस दर्दनाक घटना को अंजाम देते हुए मृतक का सर धड़ से अलग करने की कोशिश की। सनसनी खेज वारदात की सूचना पर पुलिस अधीक्षक पंकज पांडे ने घटना स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे। साथ ही थाना प्रभारी महेश टांडेकर को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
वहीं थाना प्रभारी महेश टांडेकर ने परिजनों से पूछताछ कर शव का पोस्टमार्टम सिविल हॉस्पिटल गैरतगंज में कराया तथा शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं जिनकी पुलिस पड़ताल में तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक पंकज पांडे ने बताया कि हत्या की यह वारदात लूट के इरादे से करना प्रतीत नहीं होती है, क्योंकि मृतक के शव के पास उसका लैपटाप बैग में रखा मिला है। बैग के अंदर 40 हजार रुपए भी सुरक्षित रखे पाए गए हैं। आरोपियों ने किसी आपसी रंजिश के चलते इस हत्या की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस हर पहलू पर जांच पड़ताल कर रही है।



