क्राइम

तहसील कार्यालय का बाबू 3 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई
नरसिंहपुर। गुरुवार को नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने गाडरवारा तहसील कार्यालय में पदस्थ बाबू को ₹3,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से तहसील परिसर में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी अनुसार, गाडरवारा तहसीलदार प्रियंका नेताम के कार्यालय में पदस्थ बाबू अजय उर्फ अज्जू श्रीवास्तव ने एक पीड़ित से ज़मीन के नक्शा दुरुस्तीकरण (नक्शा सुधार) के काम के एवज में रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित द्वारा इसकी शिकायत जबलपुर लोकायुक्त पुलिस से की गई, जिसके बाद शिकायत का सत्यापन कर लोकायुक्त ने ट्रैप की योजना बनाई।
जैसे ही आवेदक ने बाबू अजय श्रीवास्तव को केमिकल लगे ₹3,000 के नोट दिए, वैसे ही मौके पर मुस्तैद जबलपुर लोकायुक्त की 6 सदस्यीय टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। टीम ने तुरंत बाबू के हाथ धुलवाए, जिससे पानी का रंग गुलाबी हो गया, जो रिश्वत लेने का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
लोकायुक्त अधिकारी बृजभूषण सिंह ने बताया कि आवेदक की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। आरोपी बाबू अजय श्रीवास्तव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button