क्राइम

जमीनी विवाद में हत्या का मामला, 48 घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफतार, एक की तलाश जारी

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । जमीनी विवाद में हुई हत्या के मामले में ढीमरखेड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया । वहीं मामले के अन्य आरोपी की तलाश लगातार जारी है ।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की ।
पुलिस के अनुसार 28 जुलाई 2026 को ग्राम खम्हरिया निवासी सुखबरा बाई ने अपने पति प्रहलाद कोल के साथ मारपीट किए जाने की रिपोर्ट थाना ढीमरखेड़ा में दर्ज कराई थी । प्रारंभ में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई । उपचार के दौरान 29 जुलाई को प्रहलाद कोल की गंभीर चोटों के कारण मृत्यु हो जाने पर प्रकरण में हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं का इजाफा किया गया ।
विवेचना के दौरान विदेशी उर्फ परदेशी कोल, कुलसिया बाई एवं संतराम कोल निवासी ग्राम खम्हरिया के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया । लगातार तलाश के बाद 30 जुलाई 2026 को पुलिस ने विदेशी उर्फ परदेशी कोल एवं कुलसिया बाई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया । पुलिस का कहना है कि शेष आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है ।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी, उपनिरीक्षक जयपाल सिंह, उपनिरीक्षक विजेंद्र तिवारी, प्रधान आरक्षक दीपक श्रीवास तथा आरक्षक पंकज सिंह, देवेंद्र अहिरवार, अजय धुर्वे एवं गंधर्व सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही ।

Related Articles

Back to top button