मध्य प्रदेश

सिलवानी-नीगरी सोजनी धाम मार्ग पर पुल बनाने की मांग

सिलवानी । सिलवानी- नीगरी सोजनी धाम मार्ग के जर्जर हालात को लेकर ग्राम पंचायत नीगरी के ग्रामीणों ने कलेक्टर से सडक के पुनः डामरीकरण और बड़े पुल के निर्माण की मांग की है। ग्रामीणों ने इस संबंध में आवेदन देकर समस्या के शीघ्र निराकरण करनें मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार सिलवानी से नींगरी होते हुए सोजनी धाम तक जाने वाली सडक का निर्माण लोक निर्माण विभाग सिलवानी द्वारा किया गया था। सोजनी और नीगरी के बीच मार्ग पर एक रपटा का निर्माण किया गया है, किंतु बरसात के मौसम या हल्की वर्षा में भी इस रपटे के ऊपर से पानी बहने लगता है। ऐसी स्थिति में आवागमन बाधित हो जाता है और राहगीरों को जान जोखिम में डालकर मार्ग पार करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि नीगरी से सोजनी धाम तक सडक को ऊंचा उठाने की आवश्यकता है, ताकि वर्षा के समय जलभराव की समस्या न हो। विशेष रूप से श्री राम जानकी मंदिर, हनुमान मंदिर सोजनी धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। धार्मिक अवसरों पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, जिससे समस्या और भी गंभीर हो जाती है।
ग्रामीण रामेश्वर, नीलेश, संतोष, नवलकिशोर, रामकृष्ण, सुखलाल सहित अन्य नागरिकों ने कलेक्टर से मांग की है कि संबंधित विभाग के माध्यम से बड़े पुल को स्वीकृति प्रदान कर शीघ्र निर्माण कार्य कराया जाए तथा सड़क का पुनः डामरीकरण करवाया जाए। ग्रामीणों ने आवेदन पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह किया है, ताकि आमजन और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

Related Articles

Back to top button