बालसभा में बच्चों को सुनाई भगवान श्रीकृष्ण के जन्म और बाललीला की कहानी

शासकीय माध्यमिक शाला बुधआ में मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और बालसभा
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। शासकीय माध्यमिक शाला बुधआ में शनिवार को बाल सभा के उपलक्ष्य पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व को बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों के लिए मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के छात्रों और गाँव के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रभारी प्रहलाद पटेल ने की। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म और उनकी बाल-लीलाओं की मनमोहक कहानियाँ सुनाकर बच्चों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद, उन्होंने बच्चों से श्रीकृष्ण से जुड़े प्रश्न पूछे, जिससे बच्चों में उत्साह का संचार हुआ।
प्रतियोगिता से पहले करुणा चौबे ने पारंपरिक विधि-विधान से भगवान कृष्ण और मटकी की पूजा-अर्चना की । इसके बाद, मटकी फोड़ प्रतियोगिता शुरू हुई, जिसमें कुल 81 बच्चों ने भाग लिया । सभी बच्चों ने मिलकर मटकी फोड़ने के लिए एक के ऊपर एक चढ़कर मानव-पिरामिड बनाने की कोशिश की। इस प्रतियोगिता में कक्षा चौथी के छात्र रूद्र कोल ने अपनी सूझबूझ और फुर्ती से मटकी फोड़कर सभी का दिल जीत लिया । उनके मटकी फोड़ते ही पूरा परिसर तालियों और जयकारों से गूँज उठा।
यह कार्यक्रम बच्चों और गाँव के नागरिकों के लिए मनोरंजन का एक शानदार अवसर साबित हुआ । इस पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा प्रमोद नामदेव, ऋषीराज उपाध्याय और सतीश तिवारी ने तैयार की और इसे सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



