मध्य प्रदेश

सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना से संजीव को परीक्षा की तैयारी करने में मिली मदद

वर्तमान में आबकारी उप निरीक्षक के पद पर श्योपुर जिले में पदस्थ हैं संजीव
रिपोर्टर : शिवलाल यादव, रायसेन।
रायसेन
प्रदेश सरकार द्वारा अनुसूचित जनजाति वर्ग के युवाओं को शैक्षणिक प्रोत्साहन देने, उनके कौशल उन्नयन तथा उच्च शिक्षा प्राप्ति के लिए विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इन योजनाओं से युवाओं को अपने सपनों को साकार करने में मदद मिल रही है। इन्हीं में से एक योजना है सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना, जिसके तहत मप्र प्रदेश लोक सेवा आयोग तथा संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा तथा साक्षात्कार में सफल होने पर प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।
रायसेन जिले की देवरी तहसील के ग्राम देवरी निवासी संजीव कुमार धुर्वे भी उन हितग्राहियों में शामिल हैं जिन्हें सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना का लाभ मिला। संजीव कुमार धुर्वे ने बताया कि उन्होंने बाड़ी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय से स्कूली शिक्षा प्राप्त की तथा इसके बाद वर्ष 2013 में राजीव गॉधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से कम्प्यूटर सांइस से बैचलर ऑफ इंजीयनिरंग पूर्ण किया। संजीव ने बताया कि स्नातक की शिक्षा पूर्ण करने के बाद उन्होंने राज्य लोक सेवा परीक्षा की तैयारी प्रारंभ की।
संजीव बताते हैं कि वर्ष 2016 में उनका आबकारी उप निरीक्षक के पद पर चयन हुआ। सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा में उत्तीर्ण होने पर उन्हें 20 हजार रू की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई, जिससे उन्हें मुख्य परीक्षा की तैयारी करने में बहुत मदद मिली। इसके बाद मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण होने पर 30 हजार रू की प्रोत्साहन राशि तथा साक्षात्कार उपरांत सफल होने पर 25 हजार रू की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। संजीव वर्तमान में आबकारी उप निरीक्षक के पद पर श्योपुर जिले में पदस्थ हैं। संजीव कुमार धुर्वे कहते हैं कि शासन द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं जिनकी मदद से हम अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं। बस जरूरत है तो अपना लक्ष्य निर्धारित करते हुए उसे प्राप्त करने के लिए पूरे लगन, निष्ठा और मेहनत से प्रयास करने की। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा स्कूली शिक्षा से उच्च शिक्षा प्राप्ति के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही है।

Related Articles

Back to top button