गैरतगंज में सीसी सड़क लोकापर्ण पट्टिका में हरिजन मन्दिर शब्द को लेकर कांग्रेस पार्टी, अहिरवार, जाटव समाज संघ ने मंत्री सहित एसडीएम, नपा सीएमओ को घेरा
इनके विरुद्ध कानूनी कार्यवाही करने सौंपा कलेक्टर को ज्ञापन
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। जिले की तहसील गैरतगंज मुख्यालय में वार्ड 7 में 4.93 लाख रुपए की लागत से नगर परिषद द्वारा स्वास्थ्य मंत्री के हाथों से अंजुम भाई के मकान से लेकर हरिजन मन्दिर तक सीसी सड़क रिन्युवल कोट के लोकापर्ण शिला में हरिजन शब्द इस्तेमाल करने से बवाल खड़ा हो गया है। सोमवार को दोपहर बाद नगर रायसेन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनोज अग्रवाल के नेतृत्व में और कांग्रेस अनुसूचित जाति जिला इकाई सहित कांग्रेसियों ने स्वास्थ्य मंत्री सहित गैरतगंज एसडीएम अभिषेक चौरसिया, नगर परिषद गैरतगंज सीएमओ रितु मेहरा के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए हरिजन जैसे शब्द का प्रयोग करने वाले जिम्मेदारों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही किए जाने की मांग की गई।यह ज्ञापन कांग्रेसियों ने महामहिम राज्यपाल के नाम डिप्टी कलेक्टर मकसूद अहमद खान को सौंपा है। वहीं अहिरवार, जाटव समाज जिला इकाई रायसेन ने भी लोकार्पण शिला पर हरिजन शब्द इस्तेमाल करने का कलेक्ट्रेट कार्यालय रायसेन पहुंचकर जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन कर डिप्टी कलेक्टर, कलेक्टर अरविंद दुबे को अलग-अलग ज्ञापन सौंपे गए हैं। ज्ञापन में बताया गया है कि सुप्रीम कोर्ट दिल्ली, हाइकोर्ट ने हरिजन शब्द को अपने निर्णय में विलोपित किया है तो गैरतगंज के प्रशासनिक ओहदे पर बैठे अधिकारियों के द्वारा लोकार्पण पट्टिका में हरिजन मन्दिर शब्द फिर आखिर क्यों इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने कोर्ट की घोर अवहेलना की है। उनकी गलती वास्तव में बिल्कुल माफी लायक नहीं है। उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाए।
विरोध प्रदर्शन करने वालों में मनोज अग्रवाल वकील दौलत सेन, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष विकास शर्मा, राजू माहेश्वरी, प्रवक्ता मलखान रावत, असलम खान, अहिरवार समाज संघ के राजेश अहिरवार, बिमलेश जाटव, गौरव चौधरी, मोहन जाटव, प्रेमनारायण ठाकरे, राजेश वर्मा आदि ने गलती करने वालों पर गैरतगंज थाने में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।



