गोवंश के बछड़े का सिर कटा शव, दोषियों पर कार्रवाई हेतु सामाजिक संगठनों ने ज्ञापन सौंपा

रिपोर्टर : कमलेश अवधिया
साईखेड़ा । साईखेड़ा नगर के वार्ड क्रमांक 8 विवेकानंद वार्ड में 15 दिसंबर की रात गोवंश के एक बछड़े का सिर कटा हुआ शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिकों ने मामले को गंभीर एवं संवेदनशील मानते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है।
घटना के विरोध में श्री हरि शरणम् सेवा संस्थान के संस्थापक पं. अनुराग भार्ग के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने थाना साईखेड़ा पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि सनातन संस्कृति में गौ माता को विशेष सम्मान प्राप्त है तथा इस प्रकार की घटनाएं धार्मिक भावनाओं को आहत करने के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द को भी प्रभावित कर सकती हैं। इसी विषय पर करणी सेना परिवार एवं अन्य हिंदू संगठनों ने भी एसडीओपी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में प्रशासन से सवाल किया कि अब तक दोषियों की पहचान एवं गिरफ्तारी क्यों नहीं हो सकी है तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा नगर परिषद द्वारा मृत पशुओं को उठाने के लिए जिम्मेदार अधिकारी नियुक्त कर टोल-फ्री नंबर जारी किया जाए। साथ ही, मुख्यमंत्री के निर्देशों के बावजूद खुले में मांस विक्रय की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करने की भी मांग रखी गई।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग रखी ।



