मध्य प्रदेश

उमरियापान की सड़कों पर निराश्रित मवेशियों कब्जा, हर पल हादसे का खतरा

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। नगर सहित आसपास के प्रमुख मार्गों पर इन दिनों निराश्रित मवेशियों का जमावड़ा से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ी समस्या बन गया है । उमरियापान–सिहोरा मुख्य मार्ग, कटनी रोड, ढीमरखेड़ा मार्ग के साथ-साथ झंडा चौक, थाना परिसर के सामने, न्यू बस स्टैंड, अंधेलीबाग चौराहा एवं अन्य व्यस्त स्थानों पर मवेशी बीच सड़क पर बैठे या विचरण करते आसानी से देखे जा सकते हैं । इससे यातायात प्रभावित हो रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है ।
बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है । मवेशियों से बचने के लिए दोपहिया वाहन चालकों को कई बार सड़क से नीचे उतरकर निकलना पड़ता है । सड़क किनारे कीचड़ और फिसलन होने के कारण वाहन अनियंत्रित होने का खतरा बना रहता है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है । स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार दुर्घटनाएं होते-होते बची हैं, लेकिन अब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है ।
व्यापारियों ने भी निराश्रित मवेशियों की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि मवेशियों के कारण बाजार क्षेत्र में ग्राहकों और दुकानदारों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है । कई बार मवेशी दुकानों के सामने खड़े हो जाते हैं, जिससे आवागमन बाधित होता है और व्यापार भी प्रभावित होता है ।
नगरवासियों ने संबंधित ग्राम पंचायतों एवं जिम्मेदार विभाग से मांग की है कि निराश्रित मवेशियों के लिए उचित व्यवस्था कर उन्हें सड़कों से हटाया जाए, ताकि यातायात सुचारु हो सके और आमजन को दुर्घटनाओं के खतरे से राहत मिल सके । लोगों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता ।

Related Articles

Back to top button