उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा की सुविधा की मांग, छात्रों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा की स्थानीय स्तर पर सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर राष्ट्रीय भारतीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के जिलाध्यक्ष अजय खटीक के नेतृत्व में छात्रों ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपा ।
ज्ञापन में बताया गया कि शासकीय महाविद्यालय ढीमरखेड़ा, सिलौंडी एवं उमरियापान क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए स्नातकोत्तर (पीजी) स्तर पर एम.ए. और एम.एससी. जैसे पाठ्यक्रम उपलब्ध नहीं हैं । इसके कारण स्नातक के बाद विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण परिवारों के छात्रों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है । कई छात्र-छात्राएं आर्थिक अभाव के चलते अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़ने को विवश हो जाते हैं ।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महाविद्यालय परिसर में आईटीआई की कक्षाएं भी शुरू की जाएं । इससे स्थानीय युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त होगा और स्वरोजगार एवं रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे ।
छात्र संगठन ने शासन प्रशासन से मांग की कि छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए शासकीय महाविद्यालय ढीमरखेड़ा में शीघ्र स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम एवं आईटीआई की कक्षाएं प्रारंभ की जाएं । साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो छात्र संगठन क्रमिक अनशन एवं उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी ।
इस अवसर पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष आनंद मिश्रा, मंडलम अध्यक्ष कमलेश रजक, एनएसयूआई अध्यक्ष सागर शुक्ला, सेक्टर प्रभारी अतुल त्रिपाठी, ओंकार शर्मा, अज्जू पटेल, प्रकाश पटेल, सुमित लोधी, अमित लोधी, रोहित पटेल, सपना काछी, अनामिका काछी, शैलेश लोधी, सुहानी लोधी, ज्योति लोधी एवं शानू काछी सहित अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे ।



