नवरात्रि पर देवी मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु, जगह-जगह सजे दुर्गा पंडाल

बड़ीमाई मंदिर से विरासन देवी दरबार तक गूंजे जयकारे, नौ दिनों तक होंगे विशेष पूजन, महाआरती और भंडारे के आयोजन
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। शारदीय नवज्ञरात्र पर्व के शुभारंभ के साथ ही उमरियापान सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भक्ति और उत्साह का माहौल है। नगर के प्राचीन बड़ीमाई मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया । भक्तों ने माता रानी को जल अर्पित कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं सिलौंडी क्षेत्र के ग्राम पाली स्थित मां विरासन देवी मंदिर सहित क्षेत्र के अन्य देवी मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है । नवरात्र को लेकर जगह-जगह आकर्षक पंडाल सजाए गए हैं, जहां विधि-विधान से देवी प्रतिमाओं की स्थापना कर नौ दिनों तक विशेष धार्मिक आयोजन किए जाएंगे ।
*बड़ीमाई मंदिर में दर्शन के लिए उमड़ेंगे श्रद्धालु*
उमरियापान का प्राचीन बड़ीमाई मंदिर नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहता है । सुबह पांच बजे से ही माता को जल अर्पित करने और दर्शन-पूजन के लिए भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाता है । श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन ने आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं । दर्शन के लिए प्रवेश और निकासी के अलग-अलग द्वार बनाए गए हैं, ताकि भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो ।
पंडा गोरेलाल चौरसिया ने बताया कि नवरात्र पर्व को देखते हुए मंदिर परिसर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था की गई है । श्रद्धालुओं की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी । नवरात्र के सभी नौ दिनों में शाम को महाआरती का विशेष आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है ।
मान्यता है कि कलचुरीकालीन यह विशाल मंदिर दैवीय शक्ति के प्रभाव से एक ही रात में निर्मित हुआ था । इसी आस्था के चलते नवरात्र के दौरान यहां दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और पूजन के लिए पहुंचते हैं ।
*मां विरासन देवी दरबार में नौ दिनों तक भक्ति और मेले का माहौल*
सिलौंडी क्षेत्र के ग्राम पाली स्थित मां विरासन देवी मंदिर में भी नवरात्र पर्व पर श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ उमड़ती है । दूर-दराज के गांवों और क्षेत्रों से भक्त माता रानी के दर्शन करने पहुंचते हैं । श्रद्धालुओं के बीच मान्यता है कि सच्चे मन से मांगी गई मुराद मां विरासन देवी पूरी करती हैं । नौ दिनों तक मंदिर परिसर में मेले जैसा माहौल रहता है और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता है । भक्त माता के दरबार में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं ।
इसके अलावा उमरियापान के चंडी माता मंदिर, अंधेलीबाग स्थित खेरमाई मंदिर सहित आसपास के क्षेत्रों के देवी मंदिरों में भी नवरात्र के दौरान विशेष पूजा-अर्चना की जाती है । मंदिरों में सुबह-शाम आरती और भक्ति के आयोजनों से वातावरण भक्तिमय बना रहता है ।
*नगर में जगह-जगह स्थापित हुईं मां दुर्गा की प्रतिमाएं*
नवरात्र पर्व को लेकर उमरियापान नगर में भी उत्साह दिखाई दे रहा है । बड़ीमाई दुर्गोत्सव समिति, झंडा चौक दुर्गा उत्सव समिति, ग्राम पंचायत प्रांगण, न्यू बस स्टैंड, कटरा बाजार, आजाद चौक और नई बस्ती सहित विभिन्न स्थानों पर आकर्षक पंडाल सजाकर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं । वहीं चंडी माता मंदिर परिसर स्थित पंडाल में मां महाकाली की विशाल प्रतिमा स्थापित की गई है ।
नौ दिनों तक नगर के मंदिरों और दुर्गा पंडालों में विशेष पूजा-अर्चना, आरती एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नवरात्र पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है और पूरा क्षेत्र माता रानी की भक्ति में सराबोर नजर आ रहा है ।



