विकास कार्यों की हकीकत जानने मैदान में उतरे जनपद सीईओ, निर्माण की गुणवत्ता पर दिए निर्देश

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और शासकीय निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के उद्देश्य से जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी युजवेंद्र कोरी ने विभिन्न ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया । जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देशानुसार किए गए इस निरीक्षण में उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ।
निरीक्षण के दौरान जनपद सीईओ सबसे पहले ग्राम पंचायत भटगवां पहुंचे । यहां उन्होंने नल-जल योजना के कार्यों और निर्माणाधीन ग्राम पंचायत भवन की स्थिति का अवलोकन किया। इसके बाद ग्राम पंचायत पिपरिया सहलावन में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन तथा ग्राम पंचायत टोला भरभरा में बन रहे सामुदायिक स्वच्छता परिसर का निरीक्षण किया ।
*गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश*
निरीक्षण के दौरान सीईओ युजवेंद्र कोरी ने निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति और प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं । उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके ।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा कार्यों में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए । उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास से जुड़े निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों महत्वपूर्ण हैं।
*नियमित निरीक्षण से विकास कार्यों की होगी निगरानी*
जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है । इसका उद्देश्य निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन करना, गुणवत्ता सुनिश्चित करना और कार्यों को तय समय-सीमा में पूर्ण कराना है ।
निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत के अन्य अधिकारी कर्मचारी, संबंधित ग्राम पंचायतों के सचिव एवं रोजगार सहायक उपस्थित रहे।



