एक माह से बंद पड़ी है डायल 100 की सेवा, पीड़ित हो रहे परेशान
सिलवानी। सिलवानी थाने की डायल 100 की आकस्मिक सेवा लगभग एक माह से बंद पड़ी हुई है जिससे लोग परेशान है। सेवा बंद होने का कारण वाहन का खराब होना बताया जा रहा है जिसे एक माह में भी सुधारा नहीं गया है। शासन द्वारा ग्रामीण अंचलों में घटनाओं एवं दुर्घटनाओं के लिए तत्काल मौके पर पुलिस पहुंचे इसलिए डायल 100 की सेवा दी जा रही है जिसका लाभ भी लोगों को मिल रहा है। लेकिन सिलवानी में डायल 100 वाहन खराब होने से विगत एक माह से इसका लाभ लोगों को नहीं मिल रहा है जिससे समस्याओं का निराकरण भी नहीं हो पा रहा है। डायल 100 का वाहन खराब होने से बड़ी संख्या में शिकायतें पुलिस को नहीं मिल पा रही है वहीं शिकायतकर्ताओं को कई किलोमीटर चल कर शिकायत दर्ज कराने सिलवानी थाने पहुंचना पड़ रहा है। ऐसी स्थिति में ग्रामीणों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार वर्तमान में तेज धूप और लू लपटों का मौसम होने से कई बार शिकायतकर्ता सिलवानी नहीं पहुंच पाते इसलिए शासन की डायल 100 की सेवा का प्रयोग करते हैं, लेकिन उक्त सेवा बंद होने से इसका खामियाजा ग्रामीणों को उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि सिलवानी के आसपास घटना दुर्घटना होने पर लगभग 30 किलोमीटर दूर ग़ैरतगंज, उदयपुरा, बम्होरी से डायल 100 पहुंचती है जिससे कई बार विलंब भी हो जाता है। बताया जा रहा है कि सिलवानी की डायल 100 को मरम्मत के लिए थाना प्रांगण खड़ी हुई है। लेकिन अभी तक मरम्मत, सुधार कार्य नही हुआ। ग्रामीणों द्वारा वाहन सुधरवाकर डायल 100 की सेवाएं पुनः प्रारंभ करने की मांग की है।



