शासकीय महाविद्यालय में शिक्षा गुणवत्ता पर संवाद, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर

पूर्व विधायक रामपाल सिंह ने प्राचार्य एवं प्राध्यापकों के साथ की विस्तृत चर्चा
सिलवानी। शासकीय महाविद्यालय सिलवानी में शुक्रवार को शिक्षा गुणवत्ता को लेकर एक महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक रामपाल सिंह राजपूत ने महाविद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकगणों के साथ शिक्षा की वर्तमान स्थिति, चुनौतियों और सुधार के संभावित उपायों पर विस्तार से चर्चा की। संवाद का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना और कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी बनाना रहा।
रामपाल सिंह ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और व्यावहारिक ज्ञान का विकास भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने प्राध्यापकों से आग्रह किया कि वे शिक्षण के साथ-साथ विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और नवाचार से जोड़ने का प्रयास करें।
चर्चा के दौरान महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं और डिजिटल शिक्षा के विस्तार पर भी विचार-विमर्श किया गया। प्राचार्य एवं शिक्षकगणों ने कॉलेज से जुड़ी आवश्यकताओं और समस्याओं से पूर्व विधायक को अवगत कराया तथा शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए अपने सुझाव रखे।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि विभोर नायक, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय शुक्ला, पार्षद प्रदीप कुशवाहा सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।



