ट्रैक्टर से कुचलकर बड़े भाई ने छोटे भाई की कर डाली हत्या

संपत्ति बंटवारे को लेकर उपजा था विवाद, अस्पताल में छोटे भाई ने तोड़ा दम, खितौली चौकी क्षेत्र की घटना
ब्यूरो चीफ : सतीश चौरसिया
कटनी। संपत्ति बंटवारे को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने अपने छोटे भाई को ट्रैक्टर से कुचल दिया। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल छोटे भाई को इलाज के लिए जबलपुर के विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां विगत दिवस उसकी मौत हो गई। उक्त मामले को लेकर खितौली पुलिस ने पहले तो आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार करते हुए उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया, लेकिन अब छोटे भाई की मौत हो जाने के बाद धाराएं बढ़ाते हुए उसके खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है।
खितौली चौकी प्रभारी केके पटेल ने बताया कि चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम हदरेहटा में विगत 10 अगस्त की शाम लगभग साढ़े 5:30 बजे संपत्ति बंटवारे को लेकर महेशसिंह गौड़ के पुत्र आपस में विवाद कर रहे थे। विवाद के दौरान आक्रोशित होकर महेश सिंह के बड़े बेटे विजयसिंह 35 वर्ष ने आवेश में आकर अपने ही छोटे भाई अशोक सिंह 27 वर्ष के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। घटना में अशोक सिंह के दोनों पैर ट्रैक्टर में बुरी तरह कुचल गए। घटना की जानकारी लगते ही खितौली पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाते हुए आरोपी बड़े भाई विजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के मुताबिक विक्टोरिया अस्पताल में इलाज के दौरान विगत दिवस अशोक सिंह की मौत हो जाने के बाद अब पुलिस ने आरोपी बड़े भाई विजय सिंह के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज करते हुए अग्रिम कार्यवाही प्रारंभ कर दी है।



