सिलवानी में विदाई समारोह आयोजित, पदोन्नति एवं सेवानिवृत्ति पर किया सम्मानित

सिलवानी। वन विभाग के पूर्व सिलवानी परिक्षेत्र कार्यालय में सोमवार को एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में परिक्षेत्र लिपिक संतोष कुमार रघुवंशी के उच्च श्रेणी लिपिक पद पर पदोन्नति होकर उत्पादन वन मंडल रायसेन स्थानांतरण होने तथा वनरक्षक तख्त सिंह अहिरवार के शासकीय सेवा से अर्द्धवार्षिकी पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने के उपलक्ष्य में उन्हें भावभीनी विदाई एवं सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में उप वन मंडल अधिकारी (सामान्य) इन्दर सिंह बारे, रेंज ऑफिसर पूर्व सिलवानी आदर्श मिश्रा, प्रशिक्षु रेंजर रवि यादव, रेंजर उत्पादन सिलवानी, बी.एस. कीर सहित वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए दोनों अधिकारियों की कार्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं विभाग के प्रति समर्पण की सराहना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर संतोष कुमार रघुवंशी एवं तख्तसिंह अहिरवार ने भी अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। समारोह के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा दोनों का पुष्पहार एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया तथा आत्मीय वातावरण में उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।



