मध्य प्रदेश

नहर रोड पर मुरम डालने की मांग को लेकर किसानों ने सौंपा ज्ञापन

एसडीएम से लगाई गुहार, कृषि कार्य प्रभावित होने और दुर्घटनाओं की जताई आशंका
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। ग्राम भीखाखेड़ा, प्रतापपुर, नुंजी, निपनिया, खम्परिया सहित आसपास के गांवों के किसानों ने माइनिंग नहर रोड की जर्जर स्थिति को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर सड़क पर मुरम डलवाने की अनुमति देने की मांग की।
किसानों ने बताया कि नहर रोड पर केवल मिट्टी डाले जाने से बरसात के दौरान सड़क दलदली हो गई है। ऐसे में धान सीजन के दौरान ट्रैक्टर और कृषि यंत्र खेतों तक नहीं पहुंच पाएंगे। यदि किसान मजबूरी में ट्रैक्टर लेकर जाएंगे तो उनके धंसने और पलटने का खतरा बना रहेगा, जिससे बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं। किसानों का कहना है कि सड़क की यही स्थिति रही तो हजारों किसानों की खेती प्रभावित होगी और समय पर कृषि कार्य करना मुश्किल हो जाएगा।
ज्ञापन देने पहुंचे किसानों ने बताया कि अनुविभागीय अधिकारी ने इस संबंध में माइनिंग विभाग से संपर्क करने की बात कही। किसानों का आरोप है कि उनकी समस्याओं को लेकर कोई भी विभाग गंभीरता नहीं दिखा रहा है और न ही समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि माइनिंग नहर रोड पर शीघ्र मुरम डलवाकर सड़क को आवागमन योग्य बनाया जाए, ताकि किसान सुरक्षित रूप से अपने खेतों तक पहुंच सकें और धान की खेती समय पर कर सकें।
इस दौरान ओबीसी जिलाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार कुर्मी, ब्लॉक अध्यक्ष संतकुमार पटैल, बलराम पटेल, प्रतापपुर के सरपंच सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button