मध्य प्रदेश

गड्ढों में तब्दील हुआ उमरियापान सिहोरा मार्ग, बारिश में बढ़ा हादसों का खतरा

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। उमरियापान– सिहोरा मुख्य मार्ग इन दिनों अपनी जर्जर स्थिति को लेकर क्षेत्र में चिंता का विषय बना हुआ है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आम नागरिकों, यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के चलते इन गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटनाओं की आशंका और अधिक बढ़ गई है ।
स्थानीय लोगों के अनुसार सिहोरा से उमरियापान तक का सफर अब जोखिम भरा हो गया है। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं भारी वाहनों के लगातार आवागमन से सड़क की स्थिति और भी खराब होती जा रही है। कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे आए दिन छोटे-बड़े हादसों की आशंका बनी रहती है ।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति से संबंधित विभाग और अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो सका है । लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बारिश के मौसम में किसी बड़ी दुर्घटना से पहले सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा गड्ढों को भरने की प्रभावी व्यवस्था की जाए ।
क्षेत्र के नागरिकों का कहना है कि विकास के दावों के बीच उमरियापान–सिहोरा मार्ग की बदहाल स्थिति शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है । उन्होंने जनहित और यातायात सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है ।

Related Articles

Back to top button