खितौला में शहीद स्मारक पर ध्वजारोहण, नगर में हर्षोल्लास के साथ मना 79वां स्वतंत्रता दिवस

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया1
उमरियापान । उपनगर खितौला में शहीद स्मारक पर ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत हुई। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया गया और लोगों ने तिरंगे को सलामी दी। माहौल देशभक्ति गीतों और नारों से गूंज उठा। नगर का मुख्य समारोह अरुणाम घोष स्टेडियम, सिहोरा में आयोजित हुआ, जहां विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए । कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष रश्मि मनेन्द्र अग्निहोत्री ने ध्वजारोहण कर सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं । स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर नगर के शासकीय भवन आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाए गए थे । वहीं हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत नागरिकों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर देश के प्रति सम्मान व्यक्त किया । नगर के विभिन्न संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया । जनपद पंचायत कार्यालय में रश्मि मनेन्द्र अग्निहोत्री, नगर पालिका कार्यालय में अध्यक्ष संध्या दिलीप दुबे, शा. श्यामसुंदर अग्रवाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं जनभागीदारी अध्यक्ष राजा मोर, सरस्वती शिशु मंदिर में अनुपम सराफ, शा. हाई स्कूल गुनहरु में प्राचार्य रमा शर्मा तथा सीएम राइस विद्यालय में डा. अरुणा पांडे मुख्य अतिथि और प्राचार्य अशोक उपाध्याय की अध्यक्षता में ध्वजारोहण किया गया। इसके अतिरिक्त तहसील कार्यालय, विधायक कार्यालय, वन परिक्षेत्र, उप पंजीयक कार्यालय, कृषि विभाग कार्यालय, पुलिस थाना सिहोरा, आजाद चौक और जय स्तंभ सहित क्षेत्र की सभी शासकीय अशासकीय संस्थाओं और ग्राम पंचायतों में भी ध्वजारोहण हुआ।
स्वतंत्रता दिवस पर उपनगर खितौला के लालचंद हायर सेकेंडरी स्कूल, मारथोमा स्कूल, शासकीय यशोदा बाई स्कूल, शालेम हायर सेकेंडरी स्कूल और तक्षशीला स्कूल सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में भी ध्वज फहराया गया। बच्चों ने गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुति देकर समारोह को देशभक्ति के रंगों से सराबोर कर दिया।



