वनभूमि पर कब्जा हटाने पहुंचे चार विभाग, आक्रोशित कुछ लोगों ने जेसीबी पर पथराव कर दिया।
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया, उमरिया पान।
उमरियापान। ढीमरखेडा तहसील के दूरस्थ ग्राम छाहर स्थित वन विकास निगम की वन भूमि से कब्जा हटाने एक साथ चार विभाग के अधिकारी व कर्मचारी पहुंचे। मंगलवार की सुबह करीब 9 बजे तहसीलदार हरिसिंह धुर्वे के नेतृत्व में वन विकास निगम के साथ ही राजस्व, पुलिस और वन विभाग का अमला उक्त ग्राम में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंचा। लेकिन जैसे ही कार्यवाही के लिए जेसीबी आगे बढी। अतिक्रमणकारियों और ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। इस बीच आक्रोशित कुछ लोगों ने जेसीबी पर पथराव कर दिया। जिससे जेसीबी के कांच टूट गये। घटना में एक वन रक्षक और जेसीबी चालक के घायल होने की खबर है। इस दौरान अफरा तफरी मच गई। जिसके बाद कार्यवाही रोक दी गई। जानकारी अनुसार लगभग आधा सैकड़ा लोगों ने वन भूमि पर खेती कर कब्जा किया हुआ है। उनका कहना था कि वे काफी समय से भूमि पर खेती कर परिवार का पालन कर रहे हैं। खेती उजाड दी जाएगी तो वे अपने परिवार को कैसे पालेंगे। शाम करीब 4 बजे तक प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहा। समझाईश के बाद अधिकारियों ने एक माह के भीतर स्वयं से अतिक्रमण हटाने की मोहलत दी। अधिकारियों ने कहा कि इसके बाद भी यदि भूमि से अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो कडी कार्यवाही की जाएगी। इस दौरान प्रभारी तहसीलदार हरिसिंह धुर्वे, प्रशिक्षु रेंजर वर्षा सिंह बिसेन, उत्तम मिश्रा, उमरियापान थाना प्रभारी जीपी विश्वकर्मा सहित राजस्व निरीक्षक, पटवारी, वन विकास निगम अमला के अलावा ढीमरखेडा, उमरियापान, स्लीमनाबाद का पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।