करोड़ों की लागत का सांदीपनि विद्यालय निर्माण कार्य चल रहा कछुआ गति से

सिलवानी। शैक्षणिक स्तर सुधारने शुरू की गई सीएम राइज (सांदीपनि स्कूल) स्कूल की योजना को लेकर अधिकारी गंभीर नहीं हैं। योजना के तहत सिलवानी विकासखंड में लगभग 41 करोड़ से सीएम राइज
संदीपनी स्कूल की जी प्लस थ्री श्रेणी की बिल्डिंग बन रही है। शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका है, लेकिन अभी तक स्कूल भवन का कंपार्टमेंट का निर्माण पूरा नहीं हो सका है। जिससे प्रवेश प्रक्रिया के बाद बच्चों की बैठक व्यवस्था के इंतजाम करने में पुराने छोटे स्कूलों में स्कूल प्रबंधन को समस्या हो रही है।
इन भवनों में कहीं पर 20 प्रतिशत तो कहीं 70 प्रतिशत अधिक काम शेष है। जिसे पूरा होने में अभी समय लगेगा।
सिलवानी सांदीपनि स्कूल के प्राचार्य का कहना है कि कक्षों की कम संख्या के कारण ज्यादा छात्रों को प्रवेश देने से अव्यवस्था होगी।
*करोड़ों का बजट, जमीनी हकीकत अलग*
योजना के तहत छात्रों को स्मार्ट क्लास रूम, उन्नत प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, खेल सुविधाएं और सुरक्षित परिवहन जैसी सेवाएं उपलब्ध कराने का वादा किया था। इसके लिए करोड़ों रुपए के बजट का प्रावधान किया गया, लेकिन जमीनी हकीकत इससे काफी अलग है। वर्तमान में हायर सेकेंडरी भवन में चल रहे सांदीपनि विद्यालय में कम कक्ष हैं।
*नर्सरी से पढ़ाई नींव मजबूत करेगी*
सांदीपनि स्कूलों में बच्चों को कक्षा एक से नहीं, बल्कि नर्सरी से प्रवेश मिलेगा। सांदीपनि स्कूलों में सबसे पहले नई शिक्षा नीति लागू करने में नर्सरी से शुरुआत की जाएगी। स्कूल में बच्चों के लिए नर्सरी से केजी-1 व केजी-2 जैसे तीन प्लेट फार्म तैयार होने से उनकी दक्षता की नींव मजबूत होगी।
*प्राइवेट विद्यालयों से अधिक सुविधा मिलेगी*
सांदीपनि स्कूल में प्राइवेट विद्यालयों से अधिक सुविधा होगी। इस विद्यालय में पुस्तकालय, संगीत कक्ष, नृत्य कक्ष, व्यवसायिक प्रशिक्षण कक्ष, मैथ्स लैब, साइंस लैब, स्ट्रीम लैब, कंप्यूटर लैब, प्रयोगशाला, खेल मैदान, रनिंग ट्रेक, बॉस्केटबॉल, खो- खो ग्राउंड आदि कई सुविधाएं मिलेंगी। सांदीपनि स्कूलों में प्रवेश लेने वाले छात्रों को मुफ्त परिवहन व्यवस्था की गई है।
इस संबंध में हर्षल चौधरी एसडीएम सिलवानी कहना है की जानकारी लेता हूं। मैं संबंधित ठेकेदार एवं एजेंसी को तलब कर उनके द्वारा जो भी कार्य विलंब किया जा रहा है तो शीघ्र ही अति शीघ्र कार्य पूर्ण कराया जाएगा साथ ही बीडीएस अधिकारियों से भी चर्चा कर जल्द ही काम समाप्त करने का प्रयास किया जाएगा



