रोगी कल्याण समिति की बैठक 11 प्रस्तावों पर मंथन, ओपीडी शुल्क 5 से बढ़ाकर 10 रुपए करने की तैयारीबंद लिफ्ट का मेंटेनेंस,
गंभीर मरीजों को वाहन सुविधा देने पर भी चर्चा; विधायक देवेंद्र पटेल की अध्यक्षता में हुई बैठक
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । सिविल अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और व्यवस्थाओं में सुधार के लिए बुधवार को रोगी कल्याण समिति की सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। सिलवानी विधायक देवेंद्र पटेल की अध्यक्षता में हुई बैठक में अस्पताल से जुड़े 11 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। इनमें ओपीडी शुल्क बढ़ाने, बंद पड़ी लिफ्ट का मेंटेनेंस कराने, पार्किंग व्यवस्था सुधारने, चिकित्सा उपकरण खरीदने और गंभीर मरीजों को परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने जैसे प्रस्ताव शामिल रहे।
बैठक में एसडीएम प्रियंका भलावी, प्रदेश कांग्रेस पूर्व महामंत्री राजेंद्र सिंह तोमर, महिला एवं बाल विकास अधिकारी सुनीता ठाकुर, डॉ. मितेश देवड़, पीडब्लयूडी से श्री गौर श्रीप्रकाश जैन, बीपीएम जय सिंह, लेखपाल सुनील राय आदि उपस्थित रहे। वहीं सीबीएमओ डॉ. नितिन सिंह तोमर ने अस्पताल से संबंधित समस्याओं और व्यवस्थाओं में सुधार के लिए अपने सुझाव रखे।
बैठक के एजेंडे के अनुसार संस्था में लगी जॉनसन कंपनी की लिफ्ट वर्तमान में बंद है। शासन के दिशा- निर्देशों के अनुसार कंपनी से एक वर्ष का मेंटेनेंस कराने पर करीब 2 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है। वहीं ओपीडी और दवा वितरण की प्रक्रिया को ऑनलाइन करने के लिए एचएमआईएस के अनुसार पेपरलेस व्यवस्था लागू करने का प्रस्ताव रखा गया। इसके साथ ही वर्तमान में 5 रुपए प्रति मरीज लिए जाने वाले ओपीडी शुल्क को बढ़ाकर 10 रुपए करने पर विचार किया गया।
अस्पताल परिसर में पार्किंग की समस्या दूर करने के लिए पुरानी बिल्डिंग के सामने बने टीन शेड को पानी की टंकी के पास स्थानांतरित करने का प्रस्ताव है, ताकि मरीजों और उनके परिजनों के वाहन व्यवस्थित खड़े हो सकें। बैठक हॉल में प्रेजेंटेशन के लिए प्रोजेक्टर स्क्रीन और संचालित डेंटल यूनिट के लिए स्टेप्लाइजर खरीदने का प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल रहा।
इसके अलावा अस्पताल के सब स्टेशन के पास से नवीन बिल्डिंग और डीपी तक गए बिजली के तारों को व्यवस्थित करने के लिए 20 से 25 फीट के दो पोल लगाने तथा एनआरसी से पीएम रूम तक खाली जगह पर तारों की फेंसिंग और गेट लगाने का प्रस्ताव रखा गया। ऑक्सीजन सिलेंडर रिफिल कराने पर हर महीने होने वाले वाहन और रिफिल खर्च की समीक्षा भी की गई ।
*108 नहीं मिलने पर गंभीर मरीजों को मिलेगा वाहन*
बैठक में मरीजों के परिवहन की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया गया। प्रस्ताव के अनुसार 108 एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने पर बीपीएल कार्डधारी मरीजों को संस्था की ओर से उचित वाहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि गंभीर मरीजों को वरिष्ठ स्वास्थ्य संस्थान तक पहुंचाया जा सके। वहीं गंभीर अवस्था में गर्भवती महिलाओं को बीपीएल कार्ड की अनिवार्यता से छूट देकर रोगी कल्याण समिति के माध्यम से वाहन सुविधा देने का प्रस्ताव भी रखा गया।
समिति के खर्चों में पारदर्शिता के लिए सभी भुगतान मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी और मेडिकल ऑफिसर के संयुक्त हस्ताक्षर से करने तथा नियमित चिकित्सक डॉ. मितेश देवड़ के हस्ताक्षर जोड़ने का प्रस्ताव भी शामिल है। बैठक में रखे गए इन प्रस्तावों का उद्देश्य अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के साथ मरीजों को समय पर उपचार और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इनमें से अधिकतर प्रस्ताव को मंजूरी तत्काल दी गई शेष के लिए एस्टीमेट बुलवाने का प्रस्ताव पारित किया गया।



