नगर में जगह-जगह लगे कचरे के ढेर, सफाई व्यवस्था चौपट
सिलवानी। नगर में जगह-जगह लगे कचरे के ढेर और सफाई में स्थानीय प्रशासन की लापरवाही स्वच्छता अभियान को ग्रहण लगा रही है। गंदगी से लोग परेशान हैं। इसे लेकर लोगों में नाराजगी पनपने लगी है। वार्ड क्रमांक एक जेल के पीछे सफाई केवल नाम के लिए की जाती है। वार्ड में नाली न होने से गंदा पानी सड़क पर बह रहा है जिससे आने-जाने वालों लोगों को परेषानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर परिषद के पास सफाई कर्मचारियों वाला भरपूर सफाई अमला और भरपूर सफाई संसाधन हैं। इसके बावजूद सफाई होना तो दूर की बात गंदगी लगातार बढ़ रही है। नगर के कई वार्ड कचरे से पटे पड़े हैं। वार्डों में कचरे के ढेर लगे हैं। गंदगी के ढेरों पर विचरण करते सुअर व अन्य मवेशियों का नजारा प्रशासन की सच्चाई बयां कर रहा है। नालियों की सफाई नहीं हो रही है। गंदगी से उठने वाली बदबू ने लोगों का सांस लेना मुश्किल कर दिया है और नगर में संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका को नकारा नहीं जा सकता है। वार्डों में गंदगी का अंबार बढ़ रहा है।



