महिलाओं की सुरक्षा, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने लगातार काम कर रही है सरकार- स्वास्थ्य मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री ने रायसेन में महिला थाने का किया लोकार्पण
रायसेन। मध्यप्रदेश सरकार सिर्फ महिलाओं की सुरक्षा के लिए ही नहीं, उनके सशक्तिकरण, कल्याण और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने, उनकी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए रायसेन सहित सभी जिलों में महिला थाना स्थापित किए गए हैं। यह बात स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी ने रायसेन स्थित थाना कोतवाली परिसर में महिला थाना का लोकार्पण करते हुए कही।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि इस महिला थाना की स्थापना होने से महिलाओं का मनोबल बढ़ेगा, सुरक्षा की भावना बढ़ेगी कि यदि उन्हें कोई समस्या होती है तो वह महिला थाने में जाकर अपनी समस्या बिना किसी संकोच के बता सकती हैं। इन महिला थाने में महिला स्टॉफ की नियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा महिला को आत्मनिर्भर बनाने, उनके कल्याण तथा सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। महिला सशक्तिकरण के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा मंत्री मण्डल की समिति की बनाई गई हैं।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के नेतृत्व में आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश बनाने के लिए किया जा रहा है, रोजगार के नए-नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। महिलाओं के बिना सम्पूर्ण आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की कल्पना नहीं की जा सकती इसलिए अनेक योजनाओं, कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं का कौशल उन्नयन किया जा रहा है, उन्हें रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रदेश में अनेक महिला स्व-सहायता समूहों ने सफलता के नए आयाम स्थापित किए गए हैं। कार्यक्रम में कलेक्टर उमाशंकर भार्गव तथा पुलिस अधीक्षक मोनिका शुक्ला भी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य मंत्री ने सीएमएचओ तथा सिविल सर्जन को किया सम्मानित
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने नेशनल डॉक्टर्स डे के अवसर पर सीएमएचओ डॉ दिनेश खत्री तथा सिविल सर्जन डॉ ए.के. शर्मा को सम्मानित भी किया। उन्होंने नेशनल डॉक्टर्स डे की शुभकामना और बधाई देते हुए कहा कि कोरोना महामारी के इस कठिन दौर में डॉक्टर्स ने अपनी और अपने परिवार की चिंता करे बिना सेवा का उच्चतम मापदंड स्थापित करते हुए कोरोना संक्रमित मरीजों का पूरे समर्पण भाव से उपचार किया है। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की संभावना व्यक्त की जा रही है। इस लहर से बचाव और रोकथाम के लिए प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है, सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन लगवाना जरूरी है, इसलिए विशेष महाअभियान चलाते हुए अधिक से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी तथा कलेक्टर उमाशंकर भार्गव द्वारा थाना परिसर में पौधरोपण भी किया गया।
महिलाओं की शिकायतों पर होगी त्वरित कार्रवाई- पुलिस अधीक्षक
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक मोनिका शुक्ला ने बताया कि इस महिला थाना की प्रभारी अधिकारी हेमलता मिश्रा को बनाया गया है। साथ ही इस महिला थाना में कुल 16 अधिकारी, कर्मचारियों को पदस्थ किया गया है जिनमें उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक तथा आरक्षक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण रायसेन जिले की अधिकारिता इस महिला थाने को प्राप्त है। इस महिला पुलिस थाना के माध्यम से महिला के प्रति हो रहे अपराध से जुड़ी शिकायतों का त्वरित निराकरण हो सकेगा। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमृत मीणा, जिला पंचायत सीईओ पी.सी. शर्मा तथा एसडीओपी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी तथा कलेक्टर उमाशंकर भार्गव द्वारा थाना परिसर में पौधरोपण भी किया गया।