धार्मिकमध्य प्रदेश

बावली हनुमान मंदिर में श्रीराम महायज्ञ का भव्य समापन, विशाल भंडारे में उमड़ा आस्था का सैलाब

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । बावली हनुमान मंदिर में 2 फरवरी से श्रद्धा, आस्था और भक्तिभाव के साथ प्रारंभ हुआ श्रीराम महायज्ञ विधि-विधानपूर्वक हवन-पूजन एवं विशाल भंडारे के साथ संपन्न हो गया।
समापन अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से भक्तिमय हो उठा।
महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन वेद मंत्रों की मधुर गूंज, भजन-कीर्तन और विविध धार्मिक अनुष्ठानों से संपूर्ण क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा। अंतिम दिवस आचार्यों के सान्निध्य में विधिपूर्वक हवन सम्पन्न कराया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कर परिवार, समाज और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
हवन के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दूर से आए हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान व्यवस्थाओं की सराहना की गई। मंदिर समिति एवं नगरवासियों के सहयोग से भंडारे की समुचित और सुव्यवस्थित तैयारियां की गई थीं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
आयोजन समिति ने सभी दानदाताओं, सहयोगियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी के सहयोग से ही यह धार्मिक अनुष्ठान सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।

Related Articles

Back to top button