गला दबाकर हुई थी ईंट-भट्टा संचालक की हत्या

रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
रायसेन | विगत 14 मार्च की रात में सागर रोड स्थित खरगावली के पास आमा गांव निवासी ईंट भट्टा संचालक अनिकेत पिता रामगोपाल ठाकुर 22 साल की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में मिली थी। इस युवक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस को मिल गई है, जिसमें उसकी हत्या होने की पुष्टि की है। इस युवक की हत्या गला दबाकर होना डाक्टरों ने बताया है।
कोतवाली थाना प्रभारी संदीप चौरसिया ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ की है।
हत्या वाली घटना से चार दिन पहले वन विभाग के अमले ने ईंट-भट्टा संचालक अनिकेत ठाकुर को नील गाय के शव को माखनी तालाब के पास फेंकने वाले मामले में पूछताछ करने के लिए बुलाया था। हालांकि वन विभाग के अमले ने उसे शाम के समय छोड़ दिया था। इसके बाद से ही अनिकेत तनाव में था। 14 मार्च को अनिकेत का शव संदिग्ध हालत में मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। साथ ही वन विभाग के डिप्टी रेंजर मिश्रीलाल तिलचोरिया पर प्रताड़ित करने के आरोप भी लगाए थे।
इस संबंध में कोतवाली थाना प्रभारी संदीप चौरसिया ने बताया कि हत्या के आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस द्वारा जांच पड़ताल का दायरा बढ़ाया गया है। शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।



