मध्य प्रदेश

तहसीलदार के निलंबन व एफआईआर की मांग को लेकर हिन्दू.मुस्लिम संगठनों ने सौंपे ज्ञापन

तीन दिवस में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी, शांति समिति की बैठक में अभद्र टिप्पणी का लगाया आरोप
सिलवानी । थाना परिसर में बुधवार को आयोजित शांति समिति की बैठक के दौरान तहसीलदार द्वारा कथित रूप से की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में हिन्दू उत्सव समिति एवं मुस्लिम त्यौहार कमेटी सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने एसडीएम, थाना प्रभारी तथा मुख्यमंत्री के नाम अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर तहसीलदार के निलंबन एवं एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिवस के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि 24 जून की शाम लगभग 6 बजे मुहर्रम पर्व को लेकर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में एसडीएम, थाना प्रभारी, तहसीलदार सहित नगर के गणमान्य नागरिक, हिन्दू उत्सव समिति, मुस्लिम त्यौहार कमेटी के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित थे।
आरोप है कि चर्चा के दौरान तहसीलदार सुधीर शुक्ला ने नेताओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए उन्हें एक थाली के चट्टे-बट्टे तथा चोर-चोर मौसेरे भाई कहा। इस टिप्पणी के बाद बैठक का माहौल तनावपूर्ण हो गया और उपस्थित लोगों ने विरोध जताते हुए बैठक का बहिष्कार कर दिया। ज्ञापन में कहा गया है कि इस प्रकार की टिप्पणी से नगर के सम्मानित नागरिकों, सामाजिक संगठनों और पत्रकारों की भावनाएं आहत हुई हैं। ज्ञापन की प्रति प्रभारी मंत्री, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत, कलेक्टर रायसेन को भी प्रेषित की गई है।
इस अवसर पर हिंदु उत्सव समिति अध्यक्ष राजीव सोनी, मुस्लिम त्यौहार कमेटी अध्यक्ष राहिल खान, सलीम काजी, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, इल्याज ताज, विभोर नायक, नारायण यादव, पार्षद प्रदीप कुशवाहा, शफीक उल्ला माजिद पठान, हफीज मंसूरी, राहुल नामदेव सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहें।

Related Articles

Back to top button