क्राइम

बर्तन व्यापारी से मारपीट, नगर में गुंडागर्दी चरम सीमा पर

गणेश विसर्जन जुलूस में हिंसा, हटा में फेल रहा गुंडा राज आए दिन हो रहे लड़ाई झगड़े हुड़दंगियों पर नहीं है शासन का जोर
ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
हटा । हटा नगर में गुंडों की गुंडागर्दी एवं शराबियों का आतंक लगातार फैलता जा रहा है, नशा नाश की जड़ बनता जा रहा है, गली गली गांव गांव शराब बिकने से नई युवा पीढ़ी बर्बाद होती जा रही है, आए दिन पारिवारिक विवाद धार्मिक आयोजनों से लेकर जन्मदिन, शादियों में ज्यादा तर विवाद शराब के कारण हो रहे है जिसके चलते युवा वर्ग एक दूसरे की जान के दुश्मन बनते जा रहे है। ऐसा ही एक मामला गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन चल समारोह के दौरान एक बर्तन व्यापारी से मारपीट का मामला सामने आया है। बड़ा बाजार में अरविंद साहू की समिति का जुलूस निकल रहा था। इस दौरान एक युवक द्वारा फेंके गए पटाखे बर्तन व्यापारी उत्कर्ष ताम्रकार की दुकान की तरफ गिरे। उत्कर्ष ने जब पटाखे सही तरीके से चलाने को कहा तो चार युवकों ने पीड़ित के साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर चारों ने लात-घूंसों और डंडों से उत्कर्ष पर हमला कर दिया। परिजनों की मदद से गंभीर अवस्था मे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया जहाँ उसका इलाज जारी है। इस हमले में उत्कर्ष के सिर, आंख, कान, नाक और कंधे में चोटें आईं, मौके पर उनके पिता उमेश ताम्रकार, विनय ताम्रकार और कृष्ण गोपाल नेमा ने बीच-बचाव किया। आरोपियों ने धमकी दी कि अगर थाने में शिकायत की तो जान से मार देंगे। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है जिसमे हजारी वार्ड की भाजपा पार्षद हेमलता ताम्रकार के बेटे उत्कर्ष के ऊपर कुछ लोग हमले करते हुए दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button