मध्य प्रदेश

स्टेट हाईवे किनारे रेत-मिट्टी के अवैध ढेर बने हादसों की वजह, कार्रवाई की मांग तेज

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
तेजगढ़–जनपद पंचायत तेंदूखेड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत तेजगढ़ में दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे के किनारे अवैध रूप से जमा किए जा रहे रेत, मिट्टी और निर्माण सामग्री के ढेर राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से इस समस्या पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क किनारे रखी जा रही सामग्री न केवल यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर रही है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बढ़ा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार हाईवे के किनारे कई स्थानों पर रेत और मिट्टी के बड़े-बड़े ढेर लगाए गए हैं। तेज हवा, बारिश अथवा वाहनों की आवाजाही के कारण यह सामग्री अक्सर सड़क पर फैल जाती है। सड़क पर फैली रेत और गिट्टी के कारण दोपहिया वाहन चालक संतुलन खो बैठते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विशेष रूप से रात के समय यह स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब दो माह पूर्व भी सड़क पर फैली रेत और गिट्टी के कारण एक गंभीर सड़क दुर्घटना हुई थी। दुर्घटना में एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई थी, जिसके बाद पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं दो अन्य युवक घायल हो गए थे। इस घटना के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि संबंधित विभागों और प्रशासनिक अधिकारियों को इस स्थिति की जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं, वहीं कई वरिष्ठ अधिकारी भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। इसके बावजूद सड़क किनारे अवैध रूप से जमा सामग्री को हटाने की दिशा में अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते रेत और मिट्टी के इन अवैध ढेरों को नहीं हटाया गया तो भविष्य में और भी गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे जमा निर्माण सामग्री को तत्काल हटाया जाए तथा जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
अब क्षेत्र के लोगों की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है। नागरिकों को उम्मीद है कि इस गंभीर समस्या का शीघ्र समाधान कर सड़क को सुरक्षित बनाया जाएगा।
इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) तेंदूखेड़ा सी.जी. गोस्वामी ने बताया कि मामले की जानकारी प्राप्त होने के बाद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे रखी गई सामग्री के संबंध में शीघ्र कार्रवाई की जाएगी और यातायात बाधित करने वाले अवैध कब्जों को हटाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button